फाईल फोटो, साभार-(रक्षा मंत्री के ट्वीटर से)
तवांग/बीजिंग। रूस-यूक्रेन के बीच जारी भीषण जंग के दौरान भारत के अरुणाचल प्रदेश के तवांग में सीमा पर भारतीय सैनिकों की चीनी सेना के साथ 3 दिन पहले हुई झड़प के बाद अब चीनी सेना ने बयान जारी करते हुए दावा किया है कि भारतीय सेना ने अवैध रूप से वास्तविक नियंत्रण रेखा को पार किया था। जिसको रोकने के दौरान यह सैन्य संघर्ष हुआ था। हालांकि,चीन ने मौके पर वर्तमान में स्थिर हालात का भी जिक्र किया है।
बता दे कि चीनी सेना के वेस्टर्न थिएटर कमांड के प्रवक्ता और वरिष्ठ कर्नल लॉन्ग शाओहुआ ने दावा किया कि भारतीय सेना के अवैध रूप से सीमा पार करने से गश्त को रोक दिया गया था। हमने इससे पेशेवर और प्रभावी ढंग से निपटा और जमीन पर हालात को स्थिर किया। वर्तमान में, चीन और भारत पीछे हट गए हैं। उन्होंने आगे भी कहा कि हम भारतीय पक्ष से एलएसी पर तैनात सैनिकों को सख्ती से नियंत्रित करने और संयमित करने की अपील करते हैं। हम भारतीय पक्ष को सीमा पर शांति और शांति बनाए रखने के लिए चीन के साथ काम करने को भी कहते हैं।
वहीं,भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में चीनी सेना के साथ हुई झड़प पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस झड़प में कुछ भारतीय सैनिकों को चोटें आई हैं, लेकिन किसी भी सैनिक की मौत नहीं हुई है और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। राजनाथ ने बताया कि चीनी सैनिकों ने बीते 9 दिसंबर 2022 को तवांग सेक्टर के यांग्त्से इलाक़े में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अतिक्रमण कर यथास्थिति को एकतरफा रूप से बदलने का प्रयास किया। भारतीय सेना ने बहादुरी से चीनी सैनिकों को हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण करने से रोका और उन्हें उनकी चौकी पर वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को चीनी पक्ष के साथ कूटनीतिक स्तर पर भी उठाया गया है और इस तरह की कार्रवाई के लिये मना किया गया है।
गौरतलब है कि इस महीने के बीते 9 दिसंबर को भारतीय सेना अरूणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में गश्त पर थी, जहां इस दौरान पहले से ही पूरी तैयारी के साथ चीनी के 300 जवान भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे जहां उन्हें भारतीय जवानों द्वारा रोका गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। परिणामस्वरूप दोनों पक्षों के सैनिक घायल हो गए जिनमें चीनी सैनिकों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है, हालांकि, चीन के घायल सैनिकों की संख्या निश्चित नहीं बताई गई है जबकि भारत के 6 जवानों को घायल बताया जा रहा है।