रूसी नौसेना के युध्दपोत (फाईल फोटो)
मास्को। इस समय रूसी सेना पूरी तैयारी और पूरे लाव लश्कर के साथ यूक्रेन की सीमा पर डटी हुई है। रूस के इस कदम से युध्द की आशंका बढ़ गई है। इससे पहले अमेरिका ने भी अपने यूरोपीय सहयोगियों की चेतावनी दी थी कि रूस यूक्रेन पर कभी भी हमला कर सकता है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर जब से एक विडियो वायरल हुआ है तभी से युरोपिय ऐजेंसियों में हड़कंप सा मचा हुआ है। इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि रूस ने अपने सैनिकों का जमावड़ा वोरोनेझ शहर के पास में किया है। वोरोनेझ यूक्रेन की सीमा से मात्र 320 किमी की दूरी पर है। खुफिया निगरानी करने वाली फर्म जेन्स के हवाले से भी एक रिपोर्ट सामने आई है जिसके मुताबिक इस शहर में बड़ी संख्या में रूसी टैंक,तोपें और आर्मर्ड वीइकल तैनात किए गए हैं। ये युद्धक वाहन मास्को से भेजे गए हैं और इसमें टी-80 यू मुख्य युद्धक टैंक भी है।
इसी दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हवाले से बताया जा रहा है कि काला सागर में नाटो फौज के युद्धाभ्यास पर रुस को कड़ी आपत्ति है। पुतिन का कहना है कि नाटो सेना काला सागर में युद्धाभ्यास कर रूस को चुनौती दे रही है। उन्होंने इस वार ड्रिल के दौरान स्ट्रैटजिक एयरफोर्स के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए, बताते चले कि इस समय यूरोप में रूस-यूक्रेन और बेलारूस-पोलैंड के बीच तनाव चरम पर है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका के छठे बेड़े का फ्लैगशिप और कमांड शिप यूएसएस माउंट व्हिटनी ने काला सागर में प्रवेश किया। इसके साथ अमेरिकी परमाणु पनडुब्बियां और युद्धपोत भी काला सागर में गश्त लगा रहे हैं। रूस ने क्रीमिया के पास नाटो विमानों की कई टोही उड़ानें इंटरसेप्ट भी कीं हैं।