एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

इजराइली सेना ने टूल कस्बे के निवासियों को क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया

टूल (दक्षिण लेबनान), (हि.स.)। इजराइली सेना ने गुरुवार को दक्षिण लेबनान के टूल कस्बे के निवासियों को तत्काल क्षेत्र खाली करने की चेतावनी दी है। यह चेतावनी उस इमारत के आसपास के क्षेत्र को लेकर दी गई है, जिसे इजराइल ने हिज्बुलाह आतंकियों की गतिविधियों से जुड़ा बताया है।

इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने अरबी भाषा में एक बयान जारी कर कहा, “आप एक आतंकवादी संगठन हिज़्बुल्लाह से संबंधित इमारतों के पास स्थित हैं। कृपया इन भवनों को तुरंत खाली करें और इनसे दूर चले जाएं।” इस बयान के साथ एक नक्शा भी जारी किया गया, जिसमें इमारत और उसके 500 मीटर के दायरे को लाल रंग में चिन्हित किया गया है।

स्थानी मीडिया के अनुसार, यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच नवंबर में घोषित युद्धविराम के बावजूद सीमा पार हमलों और तनाव की घटनाएं लगातार जारी हैं। इजराइल ने सीमा पार हवाई हमले जारी रखे हैं, जबकि समझौते के तहत हिज़्बुल्लाह को लितानी नदी के उत्तर में हटने और दक्षिणी लेबनान से अपनी सैन्य संरचनाएं समाप्त करने की शर्त थी।

उधर, इजराइल को भी अपनी सेनाएं लेबनान से पूरी तरह हटानी थी, लेकिन उसने अब भी पांच “रणनीतिक क्षेत्रों” में अपने सैनिक तैनात कर रखे हैं। वहीं, लेबनानी सेना ने दक्षिणी क्षेत्रों में तैनाती कर दी है और वह हिज़्बुल्लाह की सैन्य संरचनाओं को हटाने का काम कर रही है।

स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। क्षेत्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तनाव कम नहीं हुआ तो यह सीमावर्ती संघर्ष दोबारा बड़े पैमाने पर युद्ध में बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *