बीजापुर, (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर, बीजापुर व दंतेवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्र अंतर्गत अबूझमाड़ के बाेटेर इलाके में बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने पोलित ब्यूरो के शीर्ष सदस्य डेढ़ करोड़ के इनामी नक्सली नम्बाला केशव राव उर्फ बशव राजू सहित अब तक 27 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं कई अन्य बड़े कैडर के नक्सलियों के मारे जाने या घायल हाेने की संभावना है। मुठभेड़ के दौरान डीआरजी का एक जवान बलिदान हुआ है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ स्थल से 27 नक्सलियों के शव के साथ अनेक हथियार बरामद हाेने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान डीआरजी का एक जवान बलिदान हुआ है। वहीं मुठभेड़ में कुछ अन्य जवान घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है। वे सभी खतरे से बाहर हैं। विस्तृत जानकारी अभियान पूरा होने के बाद पृथक से जारी की जाएगी l
छत्तीसगढ़ गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों के खिलाफ मिली इस बड़ी सफलता पर सुरक्षा बल के जवानों को बधाई देते हुए कहा कि अबूझमाड़ में नक्सलवाद को गहरी चोट लगी है। नक्सली संगठन का शीर्ष नेतृत्व इस मुठभेड़ में ढेर हुआ है। देश भर में चल रहे नक्सल संगठन के प्रमुख और नक्सली संगठन के जनरल सेक्रेटरी नम्बाला केशव राव उर्फ बसव राजू उर्फ गगन्ना को डीआरजी के जवानों ने मुठभेड़ में मार गिराया है। उन्हाेंने बताया कि देश भर में नक्सल संगठन के संचालन की जिम्मेदारी बसवा राजू पर थी। नक्सलवाद और नक्सल मोर्चे पर जवानों को ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्हाेंने कहा कि डीआरजी के जवानों ने नक्सल मोर्चे पर इतिहास रचा है। नक्सली संगठन के जिस शीर्ष नेतृत्व काे देश भर की सुरक्षा एजेंसियों को तलाश थी उसे डीआरजी के जवानों ने मार गिराया है।