कोलकाता, 25 अप्रैल (हि.स.)। पहलगाम आतंकी हमले के बीच एक और चिंताजनक खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रिषड़ा के रहने वाले बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार साउ को पाकिस्तान सेना ने हिरासत में ले लिया है। बीएसएफ के कोलकाता स्थित पूर्वी कमान मुख्यालय के एक शीर्ष अधिकारी ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि जवान के घर में मातम पसरा है। उनकी मां देवंती देवी बार-बार एक ही बात दोहरा रही हैं-“मेरा बेटा सही-सलामत घर लौट आए।”पूर्णम कुमार साउ की पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में तैनाती है। बुधवार को वह ड्यूटी के दौरान गलती से सीमा पार कर पाकिस्तान में प्रवेश कर गए। इसके बाद पाकिस्तान के जवानों उन्हें पकड़ लिया। गुरुवार को यह सूचना उनके परिवार तक पहुंची। जवान की पत्नी रजनी साउ ने बताया, “हमें उनके एक साथी से यह जानकारी मिली कि ड्यूटी पर रहते हुए उन्हें पकड़ा गया है। मंगलवार की रात उनकी मुझसे बात हुई थी। वह 17 वर्ष से बीएसएफ में हैं। हम चाहते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाए।”शीर्ष अधिकारी के अनुसार, बीएसएफ के उच्च अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान के अधिकारियों से फ्लैग मीटिंग शुरू की है। जवान की सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। परिजनों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह हरसंभव प्रयास कर पूर्णम कुमार साउ को सुरक्षित भारत वापस लाए। पड़ोसी भी इस घटना से आक्रोशित हैं और जवान की वापसी की मांग कर रहे हैं। इस घटना से ठीक पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में कई निर्दोषों की जान गई। इसके बाद देशभर में आक्रोश है। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के अधिकारी पाकिस्तान के संपर्क में हैं और जवान की रिहाई के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।
Related Articles
J&K को लेकर PM मोदी संग सर्वदलीय बैठक, फारूक अब्दुल्ला समेत 14 नेता शामिल – चंद्रकांत मिश्र (एडिटर इन चीफ)
नयी दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के विषय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के क्षेत्रीय दलों की सर्वदलीय बैठक बुलाई है। जिसमें गुलाम नबी आजाद, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, सज्जाद लोन समेत सभी 14 नेता मौजूद हैं। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, एनएसए चीफ अजित डोभाल, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री […]
उड़ी क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना ने की फायरिंग, भारतीय सेना ने भी दिया जवाब
कुपवाड़ा, 27 अप्रैल (हि.स.)। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए शनिवार देर रात नियंत्रण रेखा के पार कुपवाड़ा जिले के उड़ी में तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के विपरीत इलाकों में छोटे हथियारों से गोलीबारी की। इसका भारतीय सेना ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। एक रक्षा अधिकारी ने […]
पाकिस्तान ने फिर तोड़ा संघर्ष विराम,नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय रेखा पर तोपखाने से की गोलीबारी,जम्मू संभाग के सभी शिक्षण संस्थान आज बंद
श्रीनगर,(हि.स.)। पहलगाम हमले के बाद भारत के लगाए गए दंडात्मक कूटनीतिक उपायों से खफा पाकिस्तान लगातार जम्मू-कश्मीर में संघर्ष विराम का उल्लंखन कर रहा है। भारतीय सेना के शीर्ष अधिकारी के अनुसार, इस क्रम में पहली बार पाकिस्तान की सेना ने तोपखाने से गोलीबारी कर निर्दोषों का खून बहाया। भारतीय सेना के इस अधिकारी के […]
