
मास्को। एक चौंकाने वाला दावा करते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कहा कि आतंकी हमलों में दक्ष इराकी और सीरियाई आतंकी अफगानिस्तान में दाखिल हो रहे हैं। पूर्व-सोवियत स्टेट के सिक्योरिटी सर्विस प्रमुखों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पुतिन ने कहा कि अफगानिस्तान में हालात सामान्य नहीं हैं। इराक और सीरिया के आतंकी, जिन्हें मिलीट्री ऑपरेशन्स में महारत हासिल है,अफगानिस्तान में तेजी से घुस रहे हैं।

इसी क्रम में उन्होंने आगे भी कहा कि इस संभावना से कतई इंकार नहीं किया जा सकता है कि ये आतंकी पड़ोसी देशों में भी अस्थिरता न फैलाये,और ये आतंकी सीधे तौर पर सीमा विस्तार की भी कोशिश कर सकते हैं। पुतिन ने लगातार चेतावनी दी है कि चरमपंथी समूह अफगानिस्तान संकट का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। ये आतंकी अफगान शरणार्थीयों के रूप में पूर्व सोवियत देशों में घुसपैठ कर सकते हैं।

बताते चले कि अफगानिस्तान में तालिबान की नई सरकार को लेकर रूस का रवैया सकारात्मक रहा है, फिर भी रूसी सरकार अफगानिस्तान की अस्थिरता को लेकर चिंतित है। रूस को डर है कि यह अस्थिरता मध्य एशिया में भी फैल सकती है, जहां रूस ने अपने मिलिट्री बेस बना रखे हैं। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद रूस ने सोवियत संघ का हिस्सा रहे ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में मिलिट्री ड्रिल आयोजित कीं। दोनों देश अफगानिस्तान के साथ बॉर्डर साझा करते हैं।
