इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट

279 अपहृत नाइजीरियन छात्राओं की हुई रिहाई,आतंकियों ने किया था अपहरण -राकेश पांडेय (स्पेशल एडिटर)

उत्तरी नाइजीरिया के एक स्कूल से अगवा की गईं 279 छात्राओं को रिहा करा लिया गया है। इन छात्राओं को पिछले हफ्ते नाइजीरिया के पश्चिमोत्तर जामफारा राज्य में एक बोर्डिंग स्कूल से अपहरण किया गया था। राज्य के गर्वनर बेल्लो मातावाले ने यह घोषणा की। हालांकि पिछले सप्ताह सरकार ने कहा था कि 317 छात्राओं का अपहरण हुआ है।
इस पश्चिमी अफ्रीकी देश में पिछले कई वर्षों से इस तरह से अपहरण करने और हमला करने के मामले सामने आते रहे हैं। मातावाले ने मंगलवार तड़के ट्वीट किया, भगवान का शुक्र है। मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि जीजीएसएस जानगेबे से किडनैप की गई छात्राओं को छोड़ दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे प्रयासों को रोकने के लिए पैदा की गई कई बाधाओं को दूर करके संभव हुआ। हमारी बेटियां अब सुरक्षित हैं और मैं नाइजीरियावासियों के साथ मिलकर इस बात की खुशी मना रहा हूं। अपहरण के बाद स्थानीय नागरिक मूसा मुस्तफा ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने पास के ही सैन्य शिविर और सुरक्षा चौकी पर भी हमला किया ताकि सैनिक कोई जवाबी कार्रवाई नहीं कर सकें। मुस्तफा ने दावा किया था कि हमलावर समूह के लोग घंटों तक स्कूल में ही रहे। हालांकि, किसी के हताहत होने के संबंध में कोई सूचना नहीं है।
अपहरण की गईं लड़कियों में से एक ने द एसोसिएटेड प्रेस से घटना वाली रात के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि हम रात में सो रहे थे तभी हमें अचानक गोलियों की आवाज सुनाई देने लगी। वे लगातार फायरिंग कर रहे थे। इसके बाद हम अपने बिस्तर से उठे और लोगों ने कहा कि हमें भागना चाहिए, बाकी भाग गए लेकिन हम दो बच गए। इसके बाद फायरिंग कर रहे लोग हमारे पास आए और बंदूक तान दी। वे कहने लगे कि बताओ बाकी लोग कहां है, तुम्हारे प्रिंसिपल कहा है?
बता दें कि पश्चिमी अफ्रीकी इस देश में पिछले कई सालों से इस तरह से अपहरण करने और हमला करने के मामले सामने आते रहे हैं। शुक्रवार की घटना से करीब दो सप्ताह पहले भी नाइजर राज्य में एक कॉलेज से हथियारबंद लोगों ने 42 लोगों को अगवा कर लिया था जिनमें 27 छात्र भी शामिल थे।वहीं नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने छात्राओं के छूटने को लेकर खुशी व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *