
सांकेतिक तस्वीर।
रियाद। रूस-यूक्रेन जंग के बीच मिडिल-ईस्ट में जंगी तनातनी बढ़ने की रिपोर्ट सामने आ रही है। दरअसल,सऊदी अरब के विदेश मंत्री राजकुमार फैसल बिन फरहान ने ईरान के परमाणु बम बनाने की अटकलों के बीच ईरान को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान अगर परमाणु बम हासिल करता है तो खाड़ी देश भी अपनी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कदम उठाएंगे। बता दे कि अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष तरीके से परमाणु डील को लेकर बातचीत चल रही थी जो अभी रूकी हुई है।
बता दे कि प्रिंस फैसल बिन फरहान ने रविवार को अबू धाबी में आयोजित एक सम्मेलन में कहा, ‘अगर ईरान एक पूरी तरह से तैयार परमाणु बम हासिल करता है तो सभी रास्ते बंद हो जाएंगे।’ उन्होंने आगे भी कहा कि इस इलाके में हम बहुत खतरनाक माहौल में हैं। आप अपेक्षा कर सकते हैं कि क्षेत्रीय देश निश्चित रूप से इस तरफ देखेंगे कि वे खुद अपनी सुरक्षा कैसे कर सकते हैं।’ ईरान के साथ पश्चिमी देशों की बातचीत बंद हो गई है। पश्चिमी देशों ने आरोप लगाया है कि ईरान गैरजरूरी डिमांड कर रहा है।
गौरतलब है कि खाड़ी के अरब देशों ने एक मजबूत समझौते के लिए दबाव डाला है ताकि ईरान के मिसाइल, ड्रोन कार्यक्रम और क्षेत्रीय छद्म चरमपंथी गुटों के नेटवर्क की चुनौती से निपटा जा सके। इसी कड़ी में इजरायल भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अक्सर तेहरान के खिलाफ तमाम सीक्रेट आॅपरेशन के जरिए ईरान के परमाणु वैज्ञानिकों व अन्य सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाता रहा है। हालांकि,ईरान ने हमेशा से ही दावा किया है कि उसका परमाणु कार्यक्रम नागरिक उद्देश्यों के लिए है।
