
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव,फाईल फोटो।
चंडीगढ़/अमृतसर। भगोड़े अमृतपाल की गिरफ्तारी अभियान के बीच पंजाब के डीजीपी गौरव यादव सोमवार को श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे। यहां उन्होंने ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख व खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस भगोड़े अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
दरअसल,श्री हरमंदिर साहब की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद डीजीपी गौरव यादव स्पष्ट किया कि बेहतर तो यही होगा कि अमृतपाल खुद ही पंजाब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने आगे भी कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है,लेकिन पंजाब पुलिस माहौल को खराब नहीं होने देगी। इस बीच,अमृतसर के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने भी श्री हरमंदिर साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से सुरक्षा प्रबंधों को लेकर बैठक की थी।
