एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

रूस-यूक्रेन जंग के बीच हड़कंप मचाने वाली रिपोर्ट आई सामने, रूसी फौज की सहयोगी फोर्स ने की बगावत, पूरे रूस में जारी हुआ जंगी अलर्ट – सतीश उपाध्याय (सीनियर एडिटर)


फाईल फोटो।

मॉस्को। रूस-यूक्रेन जंग के बीच शनिवार को हड़कंप मचाने वाली रिपोर्ट सामने आई है,दावा किया जा रहा है कि रूस और वैगनर ग्रुप के बीच जारी विवाद ने अब गृह युद्ध का रूप ले लिया है। दरअसल,वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन ने रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु को हटाने के लिए सशस्त्र विद्रोह का आह्वान किया है। वही,रूस की आंतरिक जांच एजेंसी संघीय सुरक्षा सेवा (FSB) ने इसे देशद्रोह और सशस्त्र क्रांति का आह्वान मानते हुए प्रिगोझिन के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इतना ही नहीं एफएसबी ने वैगनर के लड़ाकों से प्रिगोझिन के आपराधिक और विश्वासघाती आदेशों को न मानने और उसे हिरासत में लेने को कहा है।

इस बीच वैगनर के लड़ाको के रूसी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में घुसने की जानकारी सामने आ रही है। बता दे कि इसी शहर में वैगनर ग्रुप का आधिकारिक हेडक्वार्टर भी है। यहां दक्षिणी क्षेत्र के लिए रूसी सेना का मुख्यालय भी है,जो यूक्रेन के खिलाफ जारी जंग को लीड कर रही है। वहीं, प्रिगोझिन के रोस्तोव में दक्षिणी सैन्य जिला मुख्यालय में रूस के उप रक्षा मंत्री एवकुरोव और खुफिया एजेंसी जीआरयू के डिप्टी अलेक्सेव से मुलाकात की भी खबर है। उसने रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और जनरल वालेरी गेरासिमोव से मिलने की इच्छा जताई है। ये वही दो लोग हैं,जिनके खिलाफ प्रिगोझिन ने मोर्चा खोला हुआ है। प्रिगोझिन को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पुराना दोस्त माना जाता है। ऐसे में इस बात की आशंका बहुत कम है कि उसकी वैगनर ग्रुप रूस के खिलाफ जंग का ऐलान करे। इसके बावजूद रूसी सेना ने रूस के सभी राज्यों और बड़े शहरों में सुरक्षा को बढ़ा दिया है।

हालांकि,रूस ने येवगेनी प्रिगोझिन की धमकी को गंभीरता से लेते हुए मॉस्को और रोस्तोव-ऑन-डॉन में सुरक्षा बढ़ा दी है। आम नागरिकों को बिना जरूरत के बाहर न निकलने को कहा गया है। फिलहाल,अभी तक रूसी सेना और वैगनर लड़ाकों में किसी हिंसक झड़प की सूचना नहीं है। कुछ जगहों पर सैन्य वाहनों में आगजनी की तस्वीरें जरूर आई हैं, लेकिन अभी तक यह पुष्टि नहीं हो सकी है,लेकिन सवाल उठता है कि इनमें किसने आग लगाई है ? इस दौरान प्रिगोझिन ने भी साफ किया है कि वह रूस में तख्तापलट नहीं चाहता है,बल्कि रक्षा मंत्री को पद से हटाने की कोशिश में है।

दरअसल,वैगनर चीफ प्रिगोझिन ने शनिवार को तड़के दावा किया कि उनकी सेनाएं यूक्रेन से रूस में प्रवेश कर चुकी हैं और रोस्तोव तक पहुंच गई हैं। उसने यह भी कहा कि उसके लड़ाकों ने रोस्तोव में एक सैन्य हेलीकॉप्टर को भी मार गिराया है। प्रिगोझिन ने आगे भी दावा किया है कि रूसी सेना के जनरल वालेरी गेरासिमोव ने वैगनर के काफिले पर हमला करने के लिए कई लड़ाकूं विमानों को भेजा। रोस्तोव के निवासियों ने भी कहा है कि उन्होंने कई मिलिट्री हेलीकॉप्टरों को शहर के ऊपर उड़ान भरते देखा है। प्रिगोझिन ने आगे यह भी कहा कि उसके युवा लड़ाकों को रूसी सैन्य चौकियों पर किसी प्रतिरोध का सामना नहीं करना पड़ा है। बता दे कि एक दिन पहले यानि शुक्रवार देर रात से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई गुस्से वाली वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की एक सीरीज में प्रिगोझिन ने धमकी दी थी कि हम रास्ते में आने वाले किसी भी व्यक्ति को नष्ट कर देंगे। हम तब तक आगे बढ़ते रहेंगे, जब तक लक्ष्य तक न पहुंच जाएं।

गौरतलब है कि बीते साल के 24 फरवरी को रूसी फौज ने यूक्रेन के खिलाफ जंग छेड़े हुए हैं,जहां इस जंगी आॅपरेशन में रूस के राष्ट्रपति पुतिन की निजी आर्मी “वैगनर ग्रुप” भी रूसी फौज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ रही थी। जहां इसी बीच रूसी डिफेंस मिनिस्टर के साथ कुछ अनबन के चलते अब वैगनर ग्रुप क्रेमलिन के खिलाफ मोर्चा खोल ली है। चूंकि,वैगनर फोर्स रूस के वर्तमान रक्षा मंत्री को हटाने के लिए विद्रोह कर रही है। अब पुतिन आगे क्या निर्णय लेते हैं ? यह तो नहीं मालूम, लेकिन इस आपसी झगड़े के चलते रूस का यूक्रेन के खिलाफ जारी लड़ाई काफी हद तक प्रभावित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *