
मारे गए गैंगस्टर सुक्खा की पुरानी तस्वीर,साभार -(सोशल मीडिया)
अमृतसर/ओटावा। खालिस आतंकी हरदीप निज्जर के कत्ल को लेकर जहां भारत और कनाडा के बीच तनाव अभी भी अपने चरम पर है तो वही दूसरी ओर कनाडा में भारत के A कैटेगरी गैंगस्टर सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुक्खा दुन्नेके की हत्या होने की रिपोर्ट सामने आ रही है,बता दे कि वह पंजाब से साल 2017 में जाली पासपोर्ट तैयार करवा करके कनाडा भाग गया था।
दावा है कि सुक्खा दुन्नेके को कनाडा के विनीपिग में कई गोलियां मारी गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनेके पर करीब 15 राउंड फायरिंग हुई है। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मालूम हो कि यह उन 41 आतंकियों व गैंगस्टरों की सूची में शामिल था,जिसे भारत की केंद्रीय ऐजेंसी NIA ने जारी किया था। कनाडा में खालिस्तानी आतंकी निज्जर के कत्ल के बाद यह दूसरी बड़ी वारदात है। गैंगस्टर सुक्खा को खालिस्तानी आतंकी-गैंगस्टर अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला का राइट हैंड माना जाता था। अर्श डल्ला आतंकी हरदीप निज्जर का करीबी साथी था। डल्ला उसके साथ मिलकर KTF के आतंकी मॉड्यूल को हैंडल कर रहा था।
वहीं इस हत्याकांड की लॉरेंस गैंग ने गैंगस्टर सुक्खा दुन्नेके के जिम्मेदारी ली है। लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा- हांजी सत श्री कॉल, राम राम सारेयां नूं। ये सुक्खा दुन्नेके, जो बंबीहा ग्रुप का इंचार्ज बना फिरता था उसका मर्डर हुआ है कनाडा के विनिपेग सिटी में, उसकी जिम्मेदारी लारेंस बिश्नोई ग्रुप लेता है। इस हेरोइन एडिक्टेड नशेड़ी ने सिर्फ अपने नशे को पूरा करने के लिए पैसों के लिए बहुत घर उजाड़े थे। हमारे भाई गुरलाल बराड़ , विक्की मिड्डूखेड़ा के मर्डर में इसने बाहर बैठकर सब कुछ किया था। संदीप नंगल अंबिया का मर्डर भी इसने करवाया था। पर अब इसके किए हुए पापों की सजा इसे मिल गई है। बस एक ही बात कहनी है, जो दुक्कियां-तिक्कियां अभी रह गई हैं, जहां मर्जी भाग लो, दुनिया में किसी भी देश में चले जाओ, ये न सोचो हमारे साथ दुश्मनी लेकर बच जाओगे, टाइम जरूर कम-ज्यादा लग सकता है लेकिन एक-एक को अपने किए कामों की सजा मिलेगी।
गौरतलब है कि सुक्खा दुन्नेके पंजाब के मोगा के गांव दुन्नेके कलां का रहने वाला है। कैटेगरी ‘A’ गैंगस्टर सुक्खा दुन्नेके अपराध की दुनिया में प्रवेश करने से पहले मोगा DC कार्यालय में काम करता था। वह 2017 में पुलिस की मदद से जाली दस्तावेजों पर पुलिस क्लीयरैंस सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद कनाडा भाग गया था। तब उसके खिलाफ सात आपराधिक मामले लंबित थे। ये सभी मामले स्थानीय गिरोह की गतिविधियों से जुड़े थे।
बताया गया है कि सुक्ख दुन्नेके मूल रूप से बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ था। कनाडा जाने के तुरंत बाद ही उसने भारत में अपना नेटवर्क बढ़ाना शुरू कर दिया। वहां वह खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला के करीब आ गया। उसने प्रदेश में हथियारों की तस्करी और जबरन वसूली शुरू कर दी। गैंगस्टर सुक्खा दुन्नेके जिस अर्श डल्ला का राइट हैंड है,वह आतंकी हरदीप निज्जर का साथी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक अर्शदीप डल्ला आतंकी निज्जर के आतंकी मॉड्यूल को चलाता है। डल्ला आतंकवादी गतिविधियों,हत्या,जबरन वसूली के अलावा बड़े पैमाने पर ड्रग्स व हथियारों की तस्करी में भी जुड़ा हुआ है। वहीं, इस ताजे घटनाक्रम के संबंध में अभी तक कनाडा या भारत सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।
