एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए वायुक्षेत्र के उपयोग से जुड़ा प्रतिबंध बढ़ाया

नई दिल्ली, (हि.स.)। भारत ने पाकिस्तान के विमानों के लिए अपने वायु क्षेत्र के उपयोग से जुड़े प्रतिबंध को एक माह और बढ़ा दिया है। भारत सरकार ने यह निर्णय पाकिस्तान के जवाब में लिया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भारत की ओर से जारी ‘नोटम’ की जानकारी दी। इसके अनुसार पाकिस्तान पंजीकृत विमानों और पाकिस्तान की वायुसेवा कंपनियों या संचालकों द्वारा संचालित, स्वामित्व या पट्टे पर लिए गए विमानों और सैन्य विमानों पर भारतीय वायु क्षेत्र में प्रवेश पर लगे प्रतिबंध को एक माह और बढ़ा दिया है। यह प्रतिबंध अब 23 जून तक प्रभावी रहेगा। इससे पहले पाकिस्तान ने भी भारत के विमानों के लिए अपने वायु क्षेत्र के उपयोग पर प्रतिबंध 23 जून तक बढ़ा दिया है।

वर्तमान में दोनों देशों के बीच वायु मार्ग बंद हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारत ने अपनी उड़ानों की योजना में बदलाव किया है। अतिरिक्त दूरी और उड़ान समय को उनकी समय-सारिणी में पहले से जोड़ा जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि आज ही इंडिगो का विमान एक ‘हेलस्टॉर्म’ में फंस गया। विमान ने लाहौर एटीसी से पाकिस्तान के वायु क्षेत्र में थोड़े समय के लिए प्रवेश की अनुमति मांगी। लाहौर एटीसी ने नोटम का हवाला देते हुए इनकार कर दिया। इसके बाद भारतीय अधिकारियों ने विमान को सुरक्षित रूप से श्रीनगर की ओर मोड़ दिया।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को लेकर कई कड़े फैसले लिए थे। इसमें सिंधु जल समझौते को स्थगित करना भी शामिल था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ कुछ फैसले लिए थे जिसमें उसकी ओर से वायुक्षेत्र प्रतिबंधित किया जाना शामिल था। भारत ने भी इसके बाद पाकिस्तान के लिए वायुक्षेत्र प्रतिबंधित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *