ब्रेकिंग न्यूज़

बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर पकड़ी हेरोइन की खेप, हेक्साकॉप्टर जब्त

चंडीगढ़,  (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब में एक साथ तीन ऑपरेशन चलाकर भारी मात्रा में हेरोइन बरामद करने के साथ एक तस्कर को भी पकड़ा है। बीएसएफ ने तस्करी में इस्तेमाल एक असेंबल्ड हेक्साकॉप्टर भी कब्जे में लिया। अटारी सेक्टर में पकड़े गए तस्कर को आगे की कार्रवाई के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को सौंप दिया गया।

बीएसएफ की टीम ने गश्त के दौरान फिरोजपुर जिले में पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान एक असेंबल्ड हेक्साकॉप्टर बरामद किया गया, जिसमें 12 पैकेट हेरोइन छिपाई गई थी। इसका कुल वजन 6.086 किलोग्राम निकला। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हेक्साकॉप्टर का इस्तेमाल पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में खेप गिराने के लिए किया गया था। इसके अलावा फाजिल्का जिले में भी बीएसएफ जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए 536 ग्राम हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया।

बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक हाल के वर्षों में पाकिस्तान समर्थित ड्रग्स तस्कर अब ड्रोन और हेक्साकॉप्टर जैसे साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनका मकसद सीमा पार से बड़ी मात्रा में नशा भारतीय इलाके में गिराना है। बीएसएफ ने साफ कहा कि उनकी सतर्कता और टेक्नॉलॉजी की मदद से ऐसे हर मंसूबे को नाकाम किया जाएगा। बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा कि चाहे प्राकृतिक आपदाएं हों या दुश्मन की नई साजिशें, जवान हर हाल में सीमा को सुरक्षित रखने और देश को नशे की मार से बचाने के लिए तत्पर हैं। इन हालिया बरामदगियों ने साबित कर दिया है कि भारत-पाक सीमा पर नशा तस्करी की हर चाल नाकाम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *