बीच में पुतिन (फाईल फोटो)
कीव/मॉस्को रूस-यूक्रेन के बीच जंग 48वें दिन में पहुंच चुकी है। अभी भी इस बात का अंदाजा लगाना मुश्किल है कि,यह युद्ध कहां रुकेगा जाकर। इसी बीच सेटेलाईट ईमेज की रिपोर्ट के हवाले से दावा किया जा रहा है कि रूस की एक बड़ी मिलीट्री काॅनवाई पूर्वी यूक्रेन की तरफ बढ़ती दिख रही है,दावा है कि पूर्वी यूक्रेन में भीषण तबाही मचा सकती है रूसी फौज।
दरअसल,पूर्वी यूक्रेन पर जोरदार हमले के लिए रूस बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों में खुलासा हुआ है कि,पूर्वी यूक्रेन पर कब्जे के लिए रूसी सेना अपनी ताकत बढ़ा रही है। अब बेल्गोरोद में रूसी काफिले को बड़े स्तर पर तैनात किया जा रहा है।
इसी बीच एक और रिपोर्ट सामने आई है जिसमें बताया गया है कि अभी हाल ही में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कीव का दौरा किया था। अब पोलैंड,लिथुआनिया,लातविया और एस्टोनिया के राष्ट्रपति कीव दौरे पर गए हैं। माना जा रहा है,ये देश यूक्रेन को बड़ी सैन्य व राजनीतिक मदद दे सकते हैं।
सांकेतिक तस्वीर।
वहीं,यूक्रेन की वायु सेना की ओर से दावा किया गया है, कि उन्होंने रूसी सेना का 300वां हवाई लक्ष्य नष्ट कर दिया है। यह 24 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक के आंकड़े हैं। वायु सेना ने बताया कि उन्होंने रूसी सेना के सुखोई एसयू-25 सैन्य विमान को नष्ट कर दिया। हालांकि,इस दौरान रूसी हमलों में यूक्रेन के कई शहरों को नुकसान हुआ है। लेकिन,कीव के आसपास के इलाकों में रूसी सैनिकों ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के मुताबिक, कीव के आसपास के क्षेत्रों में कई गांव पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। इधर,रूसी सैनिकों के कीव से जाने के बाद से यहां से खौफनाक तस्वीरें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर सामूहिक कब्र मिली हैं। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के मुताबिक,कीव ओब्लास्ट में अब तक 720 लाशें मिल चुकी हैं। ये सभी लाश आम नागरिकों की हैं। वहीं 200 से ज्यादा लोग लापता हैं।