
पकड़े गए दोनों आतंकी,फोटो साभार-(सोशल मीडिया)
श्रीनगर। रविवार को घाटी से बेहद हैरानी भरी रिपोर्ट सामने आई है,जिसमें दावा किया गया है कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के तुकसन गांव में ग्रामीणों ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए दो आतंकियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। आतंकियों की पहचान तालिब हुसैन शाह और फैजल अहमद डार के रूप में हुई है,जो कि दोनों पाकिस्तानी ऐजेंसी द्वारा संचालित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं। वहीं,एक मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी खुलासा किया गया है कि राजौरी जिले का रहने वाला तालिब हुसैन शाह जम्मू में बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा का सोशल मीडिया प्रभारी भी रह चुका है। जबकि दूसरा आतंकी फैजल अहमद डार पुलवामा जिले का रहने वाला है। बता दे कि फैजल हाल ही में हुए आईईडी विस्फोटों का मास्टरमाइंड भी था।

पकड़े गए आतंकियों के पास से बरामद भारी मात्रा में घातक हथियार व गोला-बारूद,साभार-(सोशल मीडिया)
बताया जा रहा है कि इन आतंकियों के पास से दो एके राइफल,सात हैंड ग्रेनेड और एक पिस्तौल भी बरामद हुआ हैं। वहीं,ग्रामीणों के अदभुत साहस को देखते हुए पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने 2 लाख रुपए का नकद इनाम देने की भी घोषणा की है। तो वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी बहादुर ग्रामीणों को 5 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
दरअसल,ये दोनों आतंकी गांव में घूम रहे थे,जहां गांवों वालों ने इन दोनों को बड़ी हिम्मत दिखाते हुए पकड़ा और रस्सियों से बांधा। इसके बाद लोकल पुलिस को सूचना दी। गौरतलब है कि राजौरी जिले के कोटरंका में 26 मार्च, 19 अप्रैल और 24 अप्रैल को बुद्धल के शाहपुर गांव में हुए विस्फोट मामले में जांच के बाद 28 जून को पुलिस ने दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था।
उधर,जम्मू जोन के एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में लश्कर चिनाब घाटी और राजौरी-पुंछ में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है। वह कुछ आतंकियों को दोबारा एक्टिव करने में कामयाब रहा है। इनके 2 मॉड्यूल बनाए गए थे। पहला उधमपुर विस्फोट के लिए एक महीने पहले और दूसरा राजौरी जिले में विस्फोटों के लिए जिम्मेदार था, जिसका भंडाफोड़ लगभग 10 दिन पहले हुआ था। लेकिन मुख्य आतंकी तालिब हुसैन फरार था। हम उसके पीछे थे और ग्रामीणों ने इन 2 आतंकवादियों को पकड़ने में हमारी मदद की।
