
सांकेतिक तस्वीर।
लखनऊ/आजमगढ़। देश की तमाम ऐजेंसियों के रडार पर पहले से ही चल रहे यूपी के आजमगढ़ जिले में यूपी एटीएस को मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली है। जहां 15 अगस्त को विस्फोट से दहलाने की एक बड़ी साजिश को विफल करते हुए आईएसआईएस के एक आतंकी को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आतंकी सबाऊद्दीन आजमी के पास से आईईडी बनाने का सामान,अवैध असलहा और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
दरअसल,यूपी एटीएस को टिप मिली थी कि आजमगढ़ में अमिलो मुबारकपुर में एक व्यक्ति अपने साथियों के माध्यम से आईएसआईएस की विचारधारा से प्रभावित होकर वॉट्सएप एवं विभिन्न सोशल मीडिया एप्लीकेशन के माध्यम से जिहादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा है। जो कि अन्य लोगों को भी आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।
वही,पकड़े गए आतंकी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह ISIS द्वारा आतंक एवं जेहाद के लिए मुस्लिम युवकों का ब्रेनवॉश करने के लिए बनाए गए टेलीग्राम चैनल AL-SAQR MEDIA से जुड़ा हुआ है। और वह इस समय AIMIM राजनैतिक दल का सदस्य भी है।
पूछताछ में और भी चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है जहां यह साफ हुआ है कि अबू बकर अल शामी के संपर्क में आने के बाद सबाउद्दीन ने मुजाहिदों पर हो रही कार्रवाई का बदला लेने के लिए ISIS की तरह भारत में भी एक इस्लामिक संगठन बनाने और IED बनाने के संबंध में जानकारी की पुष्टि हुई है। चूंकि,शामी ने सबाउद्दीन को IED बनाने की विधि व आवश्यक सामग्री बताई और सबाउद्दीन का संपर्क ISIS रिक्रूटर अबू उमर,जो मुर्तानिया का रहने वाला है से कराया।
बता दे कि अबू उमर द्वारा सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से हैंड ग्रेनेड,बम और आईईडी बनाने की ट्रेनिंग दी जाने लगी। इसके साथ ही मुजाहिदीन संगठन तैयार कर भारत में इस्लामिक स्टेट स्थापित करने और भारत में इस्लामी हुकूमत एवं शरिया कानून लागू कराने की योजना पर काम होने लगा। सबाउद्दीन आरएसएस के सदस्यों को टारगेट करने के लिए आरएसएस के नाम से मेल आईडी बनाई और उससे फेसबुक अकाउंट बनाकर उन्हें टारगेट करने की योजना पर काम कर रहा था। फिलहाल,स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले इस खतरनाक आतंकी को गिरफ्तार करने में जो यूपी ATS ने सफलता हासिल की है निश्चित रूप से इस ऐजेंसी के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है।
