
सांकेतिक तस्वीर।
नई दिल्ली/अगरतला। पूर्वोत्तर भारत में उग्रवादी संगठन NLFT ने एक बार फिर देश के खिलाफ सर उठाने की हिमाकत की है। रिपोर्ट है कि उत्तरी त्रिपुरा के कंचनपुर अनुमंडल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर एनएलएफटी (नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा) के संदिग्ध उग्रवादियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया। बता दे कि शहीद हुए जवान की पहचान बीएसएफ की 145वीं बटालियन के गिरिजेश कुमार के रूप में हुई है।
दरअसल,BSF की एक स्पेशल टीम कंचनपुर अनुमंडल के सीमा-II चौकी इलाके में एक आॅपरेशन पर थी,जहां इसी दौरान BSF की इस टीम पर बांग्लादेश की तरफ से भीषण फायरिंग शुरू हो गई। काउंटर में BSF ने भी फायरिंग की जहां इस दौरान BSF के एक जवान को चार गोली लगी और वह शहीद हो गया। बताया जा रहा है कि भारी हथियारों से लैस उग्रवादियों के एक समूह ने बांग्लादेश के रंगमती पर्वतीय जिले के जुपुई इलाके से बीएसएफ जवानों पर गोलियां चलाईं है।
वहीं,घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर फोर्स के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी लिए और भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश भी दिया। तथा क्षेत्र में अभियान भी तेज कर दिया गया। इतना ही नहीं भारतीय अधिकारियों के हवाले से यह भी कहा गया कि हम आवश्यक कार्रवाई के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) से इस मुद्दे पर बात भी करेंगे।
गौरतलब है कि पूर्वोत्तर भारत में कई दशकों से तमाम उग्रवादी संगठन सक्रिय है जो कि चीन द्वारा पोषित है तथा ये उग्रवादी समय समय पर भारत विरोधी हरकतों को अंजाम देते रहे हैं। इसी वजह से यहां के कई राज्यों में “अफस्फा” लागू किया गया है जो कि इन उग्रवादी संगठनों पर नकेल कसने के लिए रिजर्व फोर्स को तमाम वैधानिक अधिकार प्रदान करता है।
