
सांकेतिक तस्वीर।
वॉशिंगटन। रूस-यूक्रेन जंग और चीन-ताइवान के बीच जारी तनातनी के दौरान अमेरिकी नौसेना को एक ऐसा ताकतवर हथियार मिला है जो पलभर में ही दुश्मन को नेस्तनाबूद कर देने की क्षमता रखता है। अमेरिकी नौसेना ने अपने एक ताकतवर डेस्ट्रॉयर पहली ऑपरेशनल एंटी-मिसाइल लेजर गन इंस्टॉल की है। इसे आने वाले कुछ सालों में टेस्ट किया जाना है। इस गन को “हिलियॉस” नाम दिया गया है और लॉकहीड मार्टिन की तरफ से डेवलप किया गया है। इस लेजर गन को अमेरिकी नौसेना के डेस्ट्रॉयर यूएसएस प्रेबल पर इंस्टॉल किया गया है। ये एक हाई-एनर्जी टैक्टिकल लेजर वेपन है और ऐसा पहली बार है जब अमेरिकी नेवी को यह अब तक का सबसे घातक हथियार मिला है।
बता दे कि इस सिस्टम को अमेरिकी नेवी अपने सभी वॉरशिप पर तैनात करने की पूरी तैयारी कर चुकी है। यूएसएस प्रेबेल पर इंस्टॉल इस लेजर गन को एजिस रडार के साथ रेडी किया गया है। लॉकहीड मार्टिन ने इस लेजर सिस्टम को वो हथियार बताया है जो आने वाले दिनों में सबकुछ बदलकर रख देगा। ये लेजर गन दुश्मन के क्रूज मिसाइल्स को तो खत्म कर ही सकती है,साथ ही साथ ड्रोन और छोटी नावों को भी नेस्तनाबूद कर देने में भी सक्षम है।
दरअसल,सन् 1960 में कैलिफोर्निया के मालीबू में थियोडर मैंमैने ने ह्यूजेस रिसर्च लैब में पहली बार इस लेजर को डेवलप किया था। इसके बाद से ही इसे संभावित सुपरवेपन के तौर पर देखा जाने लगा था। बाकी दूसरे लेजर हथियारों की तरह हिलियॉस लाइट की स्पीड से एक साथ कई टारगेट्स को निशाना बना सकती है। इसमें किसी भी तरह के उपकरण का कोई खर्चा नहीं आएगा। साथ ही जब तक इसमें पावर रहेगी तब तक असीमित मात्रा में गोला-बारूद भी सप्लाई किया जा सकेगा।
इस लेजर गन का प्रयोग न सिर्फ टारगेट्स को खत्म करने में होगा बल्कि ये एक साथ कई और मिशन भी पूरे कर सकती है। इसकी लॉन्ग रेंज बीम इंटलीजेंस के लिए डाटा जुटा सकती हैं, सर्विलांस को अंजाम दे सकती हैं और साथ ही इस तरह के बाकी तरह के काम भी कर पाएगी। लॉकहीड की तरफ से बताया गया है कि लेजर गन पर एक नहीं बल्कि ऐसे कई उपकरण हैं जो किसी भी बेड़े की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी हैं।
अमेरिकी नेवी का यह हथियार उसके उन मित्र देशों के ज्यादा काम आ सकेगा जो इस समय अपने ताकतवर दुश्मनों के साथ उलझे हुए हैं। जिनमें यूक्रेन व ताइवान प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा जापान,आस्ट्रेलिया,भारत तथा इजरायल के लिए भी यह बेहद खुशी की खबर है।
