
सांकेतिक तस्वीर।
नई दिल्ली/श्रीनगर। पाकिस्तानी रेंजर्स की तरफ से मंगलवार को सुबह जम्मू-कश्मीर के अरनिया सेक्टर में सीजफायर का खुला उल्लंघन करते हुए BSF फोर्स के पेट्रोलिंग पार्टी पर गोलीबारी किये जाने की रिपोर्ट सामने आई है। वहीं,दुश्मन के इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देते हुए BSF ने भी जबरदस्त फायरिंग की है। हालांकि इस गोलाबारी में दोनों ओर से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बता दे कि बीएसएफ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि आज सुबह बीएसएफ जवानों की पेट्रोल पार्टी अरनिया सेक्टर में गश्त पर थी जहां इस दौरान पाक रेंजरों की गोलीबारी का करारा जवाब दिया गया है।
बताते चले कि भारत और पाकिस्तान बीते 24 फरवरी, 2021 को जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में सीमा पार से गोलीबारी से संबंधित सभी समझौतों का सख्ती से पालन करने को लेकर सहमत हुए थे। जिसे लेकर पिछले डेढ़ साल में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा गोलीबारी की कोई घटनाएं नहीं हुई हैं। लेकिन मंगलवार को पाकिस्तान के द्वारा सीजफायर के इस समझौते को तोड़ा गया।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 के समझौते से पहले वर्ष 2020 में संघर्ष विराम उल्लंघन की 5,133, 2019 में 3,479 और 2018 में 2,140 घटनाएं हुई थीं। हालांकि ये घटनाएं पिछले साल घटकर 700 के आसपास रह गईं।
