
सांकेतिक तस्वीर।
इस्लामाबाद। यूक्रेन को परमाणु परीक्षण की मदद करने की रिपोर्ट सामने आने के बाद से हीं पाकिस्तान तिलमिला उठा है। जहां इस दौरान पाकिस्तान ने रूस से सवाल किया है कि आखिर उसके एक सांसद ने पाकिस्तान और यूक्रेन पर परमाणु तकनीक पर चर्चा करने का आरोप कैसे लगा दिया ? बता दे कि रूस के सांसद और रक्षा मामलों पर बनी समिति के सदस्य इगोर मोरोजोव ने मंगलवार को यह आरोप लगाया था कि यूक्रेन और पाकिस्तान के बीच हाल ही में परमाणु हथियारों को बनाने की तकनीक पर चर्चा हुई है। मोरोजोव की मानें तो इस बाबत यूक्रेन से एक टीम पाकिस्तान भी गई थी।
जहां इस खुलासे के बाद पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता असीम इफ्तिखार ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि इस तरह के आरोपों से इस्लामाबाद काफी हैरान है। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद और तथ्यहीन करार दिया है। उनका कहना था कि बिना किसी तर्क के कुछ भी कह दिया गया है। इफ्तिखार के मुताबिक इस तरह के बयान पाकिस्तान और रूस के निरंतर संबंधों के खिलाफ हैं। उन्होंने इसके बाद कहा कि सरकार इस आरोप पर रूस की तरफ से सफाई चाहती है।
दरअसल,रूसी सांसद मोरोजोव की तरफ से यह दावा ऐसे समय पर किया गया है जब रूस ने कहा था कि कीव रेडियोएक्टिव क्षमता से लैस एक डर्टी बम का निर्माण कर रहा है। उल्लेखनीय है कि मोरोजोव ने रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के साथ बात करते हुए यह दावा किया था कि यूक्रेन अब परमाणु बम बनाने की तैयारी में है और इस मिशन में पाकिस्तान मदद कर रहा है।
