
नारायणपुर, (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अबूझमाड़ के दुर्गम जंगलों एवं पहाड़ों में नक्सल विरोधी “माड़ बचाव” अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ और आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें नक्सली अंधाधुंध फायरिंग करते हुए घने जंगल और नदी-नालों का सहारा लेकर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद की गई तलाशी अभीयान में सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सल साहित्य बरामद किया। बरामद हथियारों में एलएमजी, ट्रिची असॉल्ट रायफल, इंसास, एसएलआर, स्टेनगन, मोर्टार, पिस्टल, देशी कट्टा, बीजीएल लॉन्चर, 49 भरमार बंदूक, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर, वायर, जीपीएस उपकरण सहित 300 से अधिक सामग्री शामिल है।
नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुरिया ने शुक्रवार को बड़ी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, विस्फोटक सामग्री बरामदगी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य अबूझमाड़ के मूल निवासियों को नक्सलवाद से बचाकर उन्हें विकास और शांति की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्हाेंने नक्सली संगठन में सक्रिय सभी नक्सलियाें से अपील करते हुए कहा कि हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण नीति अपनाएं और समाज के मुख्य धारा में शामिल हों। उन्हाेंने कहा कि अब नक्सली अबूझमाड़ क्षेत्र में कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं और उनके ठिकाने लगातार सिमटते जा रहे हैं।
—————
