ब्रेकिंग न्यूज़

म्यांमार आर्मी का नया ड्रामा,सू पर लगाया 4.36 करोड़ रुपये लेने का आरोप – चंद्रकांत मिश्र (एडिटर इन चीफ)

म्यांमार में सैन्य शासन लगने के बाद पद से हटाई गईं स्टेट काउंसलर आंग सान सू की पर सेना ने अवैध तरीके से 4 करोड़ 36 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है। उन पर गलत तरीके से सोना लेने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इसके कोई सबूत पेश नहीं किए गए हैं। यह भी नहीं बताया गया कि यह रकम किससे और क्यों ली गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 फरवरी को सू की को पद से हटाने के बाद अब सेना ने ये गंभीर आरोप लगाए हैं। ब्रिगेडियर जनरल जॉ मिन तुन ने राष्ट्रपति विन माइंट और कई कैबिनेट मंत्रियों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

चुनाव में धोखाधड़ी का दावा
सू की की पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेट्स ने पिछले साल हुए चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी। सेना चुनाव में धोखाधड़ी किए जाने का दावा करती है। वहीं, इंडिपेंडेंट इंटरनेशनल ऑब्जर्वर सेना के दावे को खारिज करते हुए चुनाव में किसी भी तरह की अनियमितता से इनकार करते हैं।

5 हफ्ते से सू की कहीं नजरबंद
सू की को पिछले 5 हफ्तों से अज्ञात जगह पर रखा गया है। वे गैरकानूनी रूप से रेडियो उपकरण रखने और कोविड-19 नियमों को तोड़ने सहित कई आरोपों का सामना कर रही हैं।

सेना के खिलाफ प्रदर्शन में 60 से ज्यादा की मौत
सेना ने म्यांमार के कई शहरों में जारी प्रदर्शन को लेकर किसी तरह की बात नहीं की है। सैन्य तख्तापलट के खिलाफ लगातार प्रदर्शनकारी विरोध कर रहे हैं। वे सैन्य शासकों से म्यांमार में लोकतंत्र बहाल करने की अपील कर रहे हैं।
अब तक इन प्रदर्शनों में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सुरक्षा बलों ने 2 हजार से ज्यादा लोगों को अरेस्ट किया है। गुरुवार को भी विरोध के दौरान 7 लोगों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *