पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र स्थित लांजी जंगल में नक्सलियों ने गुरुवार की सुबह इम्प्राेवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ब्लास्ट कर दिया। विस्फोट की चपेट में आने से झारखंड जगुआर 11 के तीन जवान शहीद जबकि दो जवान जख्मी हो गए। घायलों को हेलिकॉप्टर की मदद से रांची स्थित मेडिका लाया गया। ये बम पहाड़ी के ठीक चढ़ाई पर फिक्स था।
शहीद जवानों में हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित, कांस्टेबल हरद्वार शाह और कांस्टेबल किरण सुरीन शामिल है। देवेंद्र कुमार पंडित (गोड्डा), हरद्वार (पलामू) और किरण (सिमडेगा) के रहने वाले थे। जबकि घायलों में खूंटी के दीप टोपनो और लातेहार के निक्कू उरांव शामिल हैं।
बताते चलें कि चाईबासा, सरायकेला, खूंटी के ट्राई जंक्शन पर माैजूद लांजी पहाड़ में 26 दिनाें से भाकपा माओवादियाें के विरूद्ध अभियान चल रहा है। इस दाैरान 7 और 8 फरवरी को मुठभेड़ हुई। इलाके में माओवादियाें के सेंट्रल कमिटी के अनल उर्फ पतिराम मांझी तथा जाेनल कमांडर महाराज प्रमाणिक दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई थी।
16 दिन पूर्व सैट का एक जवान हुआ था शहीद
बताते चलें कि जिले के लोहरदगा स्थित सुदूरवर्ती सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु जंगल के पास 16 दिन पूर्व इम्प्राेवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ब्लास्ट में स्मॉल एक्शन टीम (SAT) का एक जवान शहीद हो गए थे। सुरक्षाबल नक्सलियों की मूवमेंट की सूचना के बाद जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों के IED ब्लास्ट किया था।