ब्रेकिंग न्यूज़

आतंकी संबंधों काे लेकर एनआईए-एटीएएस ने बाराबंकी से युवक काे किया गिरफ्तार

बाराबंकी, 03 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की सयुंक्त टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक संदिग्ध व्यक्ति को उठाया है। युवक पर आतंकियों से संपर्क होने का शक है। घर में तलाशी के दाैरान टीम काे काेई सामग्री नहीं मिली है।
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने पुष्टि करते हुए बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के सफेदाबाद स्थित हिंद इंस्टीट्यूट में जांच टीम पहुंची थी। यहां से बदोसराय थाना क्षेत्र स्थित खोर एत्मादपुर गांव निवासी राम लखन को हिरासत में लिया है। वह दिल्ली में एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स कंपनी में काम करता है और अपनी कैंसर पीड़ित मां के इलाज के लिए दो दिन पहले बाराबंकी आया था।
 
पुलिस की ओर से बताया गया कि राम लखन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। उसका ‘रामलखन पासी 3628’ नाम से फेसबुक अकाउंट है, जिसके करीब 6.3 हजार फॉलोअर्स हैं। हाल ही में उसने एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें दो फरवरी को सीतापुर स्थित महाराजा छीता पासी के किले पर जाने का जिक्र था। जांच एजेंसियां इस पहलू को भी खंगाल रही है।
पकड़े गए संदिग्ध राम लखन के छोटे भाई शिवम ने बताया कि कैंसर पीड़ित मां का इलाज हिंद इंस्टीट्यूट में चल रहा है। पिता झम्मन और भाई राम लखन अस्पताल में मां के साथ माैजूद थे, तभी बाहर से आई टीम भाई काे अपने साथ ले गई है। छह गाड़ियों में मौजूद टीम गांव पहुंचकर मशीनों की मदद से करीब आधे घंटे तक घर की तलाशी ली, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, राम लखन के पिता झम्मन ने 16 बीघा में से 8 बीघा जमीन काे गिरवीं रखकर अपनी पत्नी इलाज कर रहे हैं। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है।
बाराबंकी के एसपी ने हिरासत की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोसराय के खोर एतमादपुर गांव और हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में छापेमारी की गई है। राम लखन पर आतंकियों से कनेक्शन होने का शक है। एटीएस और एनआईए की टीम उसे लखनऊ में ले जाकर पूछताछ कर है। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *