सांकेतिक तस्वीर।
मॉस्को/वाशिंग्टन। रुस-यूक्रेन जंग के बीच जहां एक तरफ परमाणु हमले की धमकियों का दौर जारी है तो वही दूसरी ओर अमेरिका ने रूस में मौजूद अपने नागरिकों को तत्काल रूस छोड़ने की चेतावनी जारी करते हुए सनसनी मचा दिया है। बता दे कि मॉस्को में स्थित अमेरिकी दूतावास ने रूस में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को जल्द से जल्द रूस छोड़ने को कहा है। इतना ही नहीं अमेरिकी दूतावास ने रूस से निकलने के लिए रास्ते भी बताए हैं। इसके साथ ही किसी प्रदर्शन में शामिल न होने को कहा है।
दरअसल,मॉस्को स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि अमेरिकी नागरिकों को रूस की यात्रा नहीं करनी चाहिए, रूस में रहने वालों को तुरंत रूस छोड़ देना चाहिए। रूस में यात्रा के कुछ सीमित विकल्प अभी भी मौजूद हैं। अमेरिका ने उन लोगों को रूस छोड़ने की सलाह दी है, जिनके पास दोहरी नागरिकता है।
यही नहीं दूतावास ने आगे भी कहा कि अगर रूसी नागरिकता वाले लोग जबरन युद्ध में शामिल नहीं किया जाना चाहते तो वह देश छोड़ दें। बयान में आगे कहा गया कि रूस दोहरे नागरिकों की अमेरिकी नागरिकता को स्वीकार करने से इनकार कर सकता है। रूस उनके बाहर निकलने को भी रोक सकता है और उन्हें सेना में शामिल करने के लिए उनकी दोहरी नागरिकता का इस्तेमाल कर सकता है। इस दौरान रूस उन्हें काउंसलर एक्सेस भी मना कर सकता है।
दूतावास ने रूस से बाहर निकलने के लिए भी विकल्प बताते हुए साफ किया कि रूस में कॉमर्शियल फ्लाइट का विकल्प बहुत कम रह गया है, इसलिए हवाई मार्ग के बाहर निकलना मुश्किल है। कार और बस के जरिए जमीनी मार्ग अभी भी खुले हैं। अमेरिका के विदेश विभाग ने रूस से अपने नागरिकों को बाहर निकालने के लिए travel.state.gov का लिंक भी साझा किया है। इसमें पड़ोसी देशों में प्रवेश, एक्सपायर्ड अमेरिकी पासपोर्ट के जरिए यात्रा से जुड़ी चीजों की जानकारी दी गई है। रूस में अमेरिकी नागरिकों के परिवार को वीजा दिलाने से जुड़ी भी जानकारी इसमें दी गई है।
फिलहाल,अमेरिका के इस ऐलान के बाद से दुनिया भर में हड़कंप सा मच गया है, ऐसे में परमाणु हमलें की आशंका को बल मिलता दिखाई दे रहा है। दरअसल, यह जंग अब बेहद मुश्किल दौर में पहुँच चुका है। ऐसे में कब क्या हो जाए ? कुछ कह पाना बहुत मुश्किल है।