
सांकेतिक तस्वीर।
मॉस्को। रूस-यूक्रेन जंग के बीच रूसी राष्ट्रपति पुतिन के एक ‘दुश्मन’ ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे के साथ पूरी दुनिया को चेतावनी दी है कि यह तीसरे विश्वयुद्ध का शुरुआती दौर है। डॉ यूरी फेल्शिंस्की ने चेतावनी दी है कि व्लादिमीर पुतिन बेलारूस की धरती से मिसाइल लॉन्च कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बेलारूस पुतिन की बात मानता है तो कीव मिनटों में तबाह हो जाएगा। ब्लोइंग अप यूक्रेन के लेखक और रूसी मामलों के जानकार डॉ फेल्शिंस्की ने कहा कि अभी जो समय है वह 1939 और 1940 की तरह है, जब दूसरा विश्वयुद्ध शुरू हुआ था। 24 फरवरी 2022 को इतिहास की किताब में दूसरे विश्वयुद्ध के रूप में लिखा जाएगा।
उन्होंने आगे भी कहा कि बड़ा सवाल ये है कि आखिर ये युद्ध कैसे जारी रहेगा ? और हमें इसके लिए कितना भुगतान करना होगा ? उन्होंने यह भी दावा किया कि पुतिन नाटों का आमना-सामना करने से बहुत डरते हैं। ऐसे में वह बेलारूस के जरिए यूक्रेन पर परमाणु हमला करेंगे, क्योंकि इससे रूस को सीधे हमले का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकेगा। रूस के राष्ट्रपति पुतिन परमाणु हमले की चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन नाटों ने भी कहा है कि उसे भारी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा।
डॉ यूरी फेल्शिंस्की ने हड़कंप मचाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि पुतिन जिस हिसाब से काम करते हैं, उससे लगता है कि वह परमाणु हथियारों को बेलारूस में भेजेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी रूसी बेलारूस के बारे में बात नहीं कर रहा है और मुझे लगता है कि पुतिन ने उसके बारे में बात न करने को कहा होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि पुतिन के पास यहां से परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की योजना है। मालूम हो कि डॉ फेल्शिंस्की का जन्म रूस में हुआ था और वह अब अमेरिका में रहते हैं।
दरअसल,बेलारूस के तानाशाह नेता अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने यूक्रेन युद्ध में अभी तक सीधे उतरने से इंकार किया है। लेकिन उन्होंने रूस को बेलारूस की जमीन से ड्रोन, फाइटर जेट लॉन्च करने की इजाजत दी है। बेलारूस यूक्रेन की उत्तरी सीमा से लगा हुआ है। बता दे कि इस साल के बीते अगस्त में एक बड़ा बयान देते हुए लुकाशेंको ने कहा था कि उनके देश के जेट को परमाणु हथियार ले जाने के लिए मॉडीफाई किया गया है। कुल मिलाकर यह साफ संकेत मिल रहा है कि पुतिन बेलारूस की धरती से परमाणु हमले को अंजाम दे सकते हैं।
