
रूसी राष्ट्रपति पुतिन, फाईल फोटो।
मास्को। रूस-यूक्रेन जंग के बीच अभी रूसी सेना द्वारा परमाणु अभ्यास से दुनिया सहमी हुई थी कि इसी बीच एक रूसी कर्नल के हवाले से पूरी दुनिया में एक बार फिर से हड़कंप मचाने वाला खुलासा सामने आया है। जिसमें दावा किया गया है कि पुतिन ने न्यूक्लियर ड्रिल के दौरान ब्रिटेन और अमेरिका को धरती के नक्शे से मिटा देने का अभ्यास किया है। बता दे कि इस जोरदार परमाणु अभ्यास के दौरान रूस ने कई मिसाइलें दागीं और पश्चिमी देशों पर हमले का अभ्यास भी किया था।
दरअसल,रूस के नैशनल डिफेंस मैगजीन के एडिटर कर्नल इगोर कोरोटचेंको ने कहा कि इस दौरान यह अभ्यास किया गया कि अगर मास्को पर परमाणु हमला होता है तो ब्रिटेन और अमेरिका को कैसे तबाह कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी हमले में ब्रिटेन अटलांटिक समुद्र में डूब जाएगा। वहीं अमेरिका में रूसी हमले के बाद एक नौसेनिक जलडमरूमध्य बनेगा जिसका नाम कामरेड स्टालिन के नाम पर रखा जाएगा।
बता दे कि कर्नल इगोर ने इसका खुलासा तब किया जब वह रूस के सरकारी टीवी पर मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्ध के बीच रणनीतिक प्रशिक्षण अभ्यास का यही मकसद था जिसे ऑपरेशन “थंडर” नाम दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने इसे साफ किया है। ये परीक्षण रूस पर दुश्मन के परमाणु हमले के जवाब में परमाणु मिसाइलों के एक भीषण पलटवार का अभ्यास करने के लिए किया गया था। रूस पर कौन पहले परमाणु मिसाइलों से हमला कर सकता है ? अमेरिका और ब्रिटेन।’ इसके जवाब में कर्नल इगोर ने कहा कि उन्हें संदेह है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां रूस पर परमाणु हथियार से हमला करेंगे।’
कर्नल इगोर ने आगे भी बताया कि मैं फैसला नहीं सुना रहा हूं, लेकिन यह स्पष्ट है कि यह रूसी अभ्यास जोरदार पलटवार की स्थिति को ध्यान में रखकर किया गया था। इस संदर्भ में यह बहुत महत्वपूर्ण था कि हमें अपने मुख्य दुश्मनों को दिखाना और बताना कि क्या उनका इंतजार कर रहा है ? या कोई समझौता नहीं होगा ? इसका संकेत (अमेरिका और ब्रिटेन को) भेज दिया गया है।’ यह पूछे जाने पर कि क्या हमने ब्रिटेन और अमेरिका को तबाह करने का अभ्यास किया है ? इस पर कर्नल इगोर ने कहा कि बिल्कुल सही। मैं जोर देकर कहूंगा कि यह रूस पर परमाणु हमले के जवाब में किया जाएगा।
गौरतलब है कि दो दिन पहले रूस ने अमेरिका को बताने के बाद सबसे घातक न्यूक्लियर ड्रिल को सबमरीन और जमीन से तथा फाइटेर जेट से अंजाम दिया था। इतना ही नहीं इस ड्रिल का विडियो भी जारी करके पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया था। हालांकि पुतिन ने इस दौरान यह साफ कर दिया था कि हम काउंटर ड्रिल पर है और हम डिफेंस के लिए न्यूक्लियर अटैक करेंगे न कि पहले। फिलहाल, जिस तरह से आये दिन खबरें आ रही हैं उससे साफ हो गया है कि परमाणु युद्ध कभी हो सकता है।
