
फोटो साभार-(रूसी डिफेंस मिनिस्ट्री के टेलिग्राम से)
मॉस्को/कीव। रूस-यूक्रेन के बीच जारी भीषण जंग के दौरान यूक्रेन ने रूसी कब्जे वाले डोनेट्स्क क्षेत्र पर सबसे भीषण हमले को अंजाम दिया है। वहीं,इस इलाके के रूसी मेयर के हवाले से यह दावा किया गया है कि यूक्रेन ने 2014 के बाद डोनेट्स्क पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया है। बता दे कि डोनेट्स्क आठ साल से रूसी समर्थित अलगाववादियों के कब्जे में है और यह चार यूक्रेनी क्षेत्रों में से एक है जिस पर रुस ने इस बीते अक्टूबर में अपना इलाका घोषित किया था। फिलहाल,इस समय यूक्रेनी सेना ने डोनेट्स्क को घेरा हुआ है और कब्जे के लिए लगातार हमले कर रही है।
यूक्रेन के इस हरकत को लेकर यहां के रूसी मेयर अलेक्सी कुलेमजिन ने दावा किया है कि सुबह 7 बजे यूक्रेन ने डोनेट्स्क शहर के सेंटर पर 2014 के बाद से सबसे बड़े हमले को अंजाम दिया है। रुसी मेयर ने आगे भी कहा कि इस हमले में यूक्रेनी सेना ने बीएम-21 ग्रैड मल्टी बैरल रॉकेट सिस्टम का इस्तेमाल किया। उनके 40 रॉकेटों ने हमारे शहर को नागरिकों को निशाना बनाया। वहीं, यूक्रेनी सेना का दावा है कि उन्होंने अपनी जमीन पर मौजूद विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया है और अपनी जमीन से उन्हें खदेड़ने तक हमले नहीं रुकेंगे।
इस बीच रूसी फौज ने भी यूक्रेनी हमलों के जवाब में भारी गोलीबारी की है। जहां यूक्रेन के कब्जे वाले खेरसॉन सैन्य प्रशासन के क्षेत्रीय प्रमुख यारोस्लाव यानुशेविच ने कहा कि पिछले 24 घंटों में इस शहर को तोपखाने, रॉकेट लॉन्चर, टैंक, मोर्टार और ड्रोन से 86 बार निशाना बनाया है। यारोस्लाव यानुशेविच ने आगे भी कहा कि रूसी गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हफ्ते की शुरुआत से ही रूसी सेना ने यूक्रेनी इलाकों पर हमलों की नई सीरीज को शुरू की थी। उन्होंने खेरसॉन पर कई मिसाइलें दागी थीं। यूक्रेन पर आक्रमण के कुछ महीने बाद ही रूस ने खेरसॉन पर कब्जा कर लिया था। हालांकि, यूक्रेनी सेना ने पिछले महीने इस शहर पर दोबारा नियंत्रण पा लिया था।
