
रूसी सैनिक, फ्रंट पर दुश्मन का सामना करते हुए, फोटो साभार -(रूसी डिफेंस मिनिस्ट्री के टेलिग्राम से)
कीव/मॉस्को। यूक्रेन के साथ जारी भीषण जंग के बीच फ्रंट पर दुश्मन के साथ बेहद मुश्किलों का सामना कर रहे रूसी सैनिकों ने अब विद्रोह की धमकी दी है। दावा है कि रूसी सैनिकों ने व्लादिमीर पुतिन के नाम एक वीडियो जारी कर कहा कि हम दुश्मन से लड़ने से पहले खतरनाक ठंड का जोखिम उठा रहे हैं। पुतिन के सैनिकों ने आगे यह भी कहा है पर्याप्त राशन और हथियार के बिना माइनस 25 डिग्री सेल्सियस में लड़ना असंभव है। हमलोग लड़ाई से पहले ही बर्फ में जम जाएंगे।
इस बीच रूसी फौज के शीर्ष अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि रूस सैन्य उपकरणों और राशन की कमी से जूझ रहा है, जिससे सैनिकों का मनोबल और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ने की क्षमता प्रभावित हो रही है। खराब जीवन स्तर के खिलाफ खड़े होकर, सैनिकों ने पुतिन से व्यक्तिगत रूप से उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबोधित करने की मांग की। वीडियो में दिख रहे दो दर्जन से अधिक सैनिकों की ओर से बोलते हुए एक रूसी सैनिक ने कहा कि यह अब माइनस 25 डिग्री है। हमें यहां बर्फ में रहना है। इसलिए राशन और हथियार की पूरी व्यवस्था की जाए। रूसी सैनिकों ने नेतृत्व पर भी सवाल उठाया। सैनिकों ने कहा कि हमारा नेतृत्व हमें धमकाते रहता है। ऐसे माहौल में काम करना मुश्किल होगा। स्थिति को सुधारने की जरूरत है।
इससे पहले बीते नवंबर में जब खेरसान में भी ठीक इसी तरह की स्थिति पैदा हो गई थी, जहां सप्लाई को लेकर फ्रंट पर मौजूद रूसी सैनिकों ने बगावत की चेतावनी दी थी। शायद यही वजह थी कि जिससे रूसी फौज को खेरसान छोड़ना पड़ा था। हालांकि, खेरसान छोड़ने को लेकर क्रेमलिन ने इसे जंग की विशेष रणनीति का हिस्सा बताया था।
