
सांकेतिक तस्वीर।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में एक ज्वाइंट फोर्स के आॅपरेशन में एक नार्को टेरर फंडिंग मॉड्यूल के सिंडीकेट का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह मॉड्यूल आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा द्वारा चलाया जा रहा था। आॅपरेशन के दौरान चार आतंकियों की भी गिरफ्तारी हुई है। इन आतंकियों के पास से बड़ी मात्रा में संदिग्ध वस्तुएं, विस्फोटक,हथियार और वाहन भी बरामद किए गए हैं।
दरअसल,गिरफ्तार किए गए आतंकियों से पूछताछ के दौरान यह रिपोर्ट सामने आई कि लश्कर आतंकियों को सहायता पहुंचाने में ये लोग शामिल थे। इतना ही नहीं यही लोग इन आतंकियों को तरह-तरह की चीजें, हथियार और जरूरत के अन्य सामान मुहैया कराते थे।
इन आतंकियों के पास से लश्कर से जुड़े संदिग्ध वस्तुओं के साथ विस्फोटक सामान भी मिले हैं। इनमें तीन ग्रेनेड्स, 2 एके मैगजीन्स और एके-47 के 65 राउंड्स बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में चडूरा पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आगे की जांच की जा रही है। वहीं,सूत्रों का कहना है कि इस सिंडीकेट से आगे की पूछताछ में और भी चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आने की संभावना है।
