सांकेतिक तस्वीर।
नई दिल्ली/कोलंबो। श्रीलंकाई नौसेना ने एक बार फिर कथित रूप से आरोप लगाते हुए श्रीलंका के जलसीमा में अवैध रूप से घुसने के लिए मछली पकड़ने वाले दो जहाजों पर सवार 15 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। एक आधिकारिक बयान में रविवार को इसकी जानकारी दी गई। श्रीलंका की नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘नौसेना और तट रक्षक बल ने आठ जुलाई की रात को श्रीलंका में अवैध रूप से मछली पकड़ने में लगे भारतीय जहाजों को खदेड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया।’
बयान में आगे भी कहा गया है कि जाफना में डेल्फ्ट द्वीप पर चलाए गए अभियान में 15 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें कहा गया है कि मछुआरों को गिरफ्तार कर उनके पास से जब्त किए गए मछली पकड़ने वाले जहाजों को कांकेसंथुराई बंदरगाह लाया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए मैलाडी मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया गया। बता दे कि श्रीलंकाई नौसेना ने पिछले महीने अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में तमिलनाडु के 22 मछुआरों को गिरफ्तार किया था।
इसी बयान में यह भी बताया गया कि इस साल अब तक श्रीलंकाई नौसेना ने मछली पकड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले 12 भारतीय जहाज जब्त किए हैं और इस साल वहां के जलसीमा से 74 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया। सभी मछुआरों को कानूनी कार्रवाई के लिए श्रीलंकाई अधिकारियों को सौंप दिया गया। भारत और श्रीलंका के बीच कई उच्च-स्तरीय वार्ताओं के बावजूद भारतीय मछुआरों की ओर से श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने की समस्या लगातार रही है।
वहीं,सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी से पता चला है कि श्रीलंका की तरफ से हो रही इस तरह की घटनाओं को लेकर नई दिल्ली बहुत गंभीर है,जहां बहुत जल्द इसको लेकर कूटनीतिक स्तर पर कोई बड़ा फैसला होने वाला है। क्योंकि,बीते साल से लेकर अब तक कई मुद्दों पर भारत और श्रीलंका के बीच कुछ मतभेद सामने आये हैं। हालांकि,भारत की तरफ से श्रीलंका के प्रति लगातार कई मुद्दों पर नरमी बरती जा रही है,ऐसे में श्रीलंका की तरफ से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाना निश्चित रूप से नई दिल्ली के लिए चिंता की बात है।