एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

तालिबान ने किया ऐलान शरिया कानून से ही चलेगा शासन,न कि लोकतंत्र से – श्रीराम पांडेय (सब एडिटर)

काबुल
तालिबान का कहना है कि अफगानिस्तान में लोकतंत्र नहीं होगा। यहां शरिया कानून है और यही रहेगा। देश के सबसे बड़े पॉप स्टार समेत कई अफगान नागरिक देश छोड़कर भाग चुके हैं। जलालाबाद जैसे जिलों में स्थानीय नागरिकों को तालिबान की गोली का सामना करना पड़ रहा है। समूह के प्रवक्ता वहीदुल्ला हाशिमी ने रॉयटर्स से बात करते हुए कहा, ‘कोई भी लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू नहीं होगी क्योंकि हमारे देश में इसका कोई आधार नहीं है। हम इस बात पर चर्चा नहीं करेंगे कि अफगानिस्तान में किस तरह की राजनीतिक व्यवस्था लागू करनी चाहिए। यह स्पष्ट है कि यहां शरिया कानून है और यही रहेगा।’

देश से भागी सबसे बड़ी पॉप स्टार
अफगानिस्तान के द वॉयस की गायिका और जज आर्यना सईद उन खुशकिस्मत लोगों में से एक थीं जो बुधवार को अमेरिकी कार्गो जेट से देश से भागने में सफल रहीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मैं ठीक हूं और जिंदा हूं। कुछ भयानक रातों के बाद मैं कतर पहुंच चुकी हूं और इस्तांबुल के लिए अपनी आखिरी उड़ान का इंतजार कर रही हूं।’ आर्यना जैसी किस्मत देश की दूसरी महिलाओं की नहीं थी। अफगानिस्तान की महिला गवर्नर सलीमा मजारी को लड़ाकों ने गिरफ्तार कर लिया है।

महिला गवर्नर की जान को खतरा
सलीमा मजारी हजारा जिले की गवर्नर के रूप में तालिबान की कड़ी आलोचक थीं। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी आशंकाएं लगाई जा रही हैं कि आतंकी उन्हें मार सकते हैं। काबुल में तालिबान की वापसी के बाद से अल-कायदा और दूसरे इस्लामिक समूहों के समर्थक खुशियां मना रहे हैं। हालांकि इस बात का डर बढ़ गया है कि तालिबान की मौजूदगी अफगानिस्तान को ‘आतंकवाद की जन्मस्थली’ में बदल सकती है।

महिला एंकरों को नौकरी से निकाला
अफगानिस्‍तान में महिलाओं को समान अधिकार देने का वादा करने वाले ताल‍िबानियों ने सरकारी टीवी चैनल की एंकर खादिजा अमीन को बर्खास्‍त कर दिया है। उनकी जगह पर एक पुरुष तालिबानी एंकर को बैठाया गया है। वहीं एक अन्‍य महिला एंकर शबनम दावरान ने बताया कि हिजाब पहनने और आईडी कार्ड लाने के बाद भी उन्‍हें ऑफिस में घुसने नहीं दिया गया। शबनम को कहा गया कि अब तालिबान राज आ गया है और उन्‍हें घर जाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *