एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के 30 ठिकानों पर सऊदी की एअरफोर्स ने किया बड़ा हमला, 18 विद्रोहियों के मारे जाने का किया गया दावा – सतीश उपाध्याय (सीनियर एडिटर)


सांकेतिक तस्वीर

नई दिल्ली। सऊदी से रिपोर्ट आ रही है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के 30 ठिकानों पर सऊदी की एअरफोर्स ने हमला करते हुए बड़ी सैन्य कार्यवाही की है। बताया जा रहा है कि यमन के मध्य प्रांत मारिब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा रातभर चले एयर अटैक में 18 हूती विद्रोही मारे गए हैं। सऊदी एअरफोर्स ने यह हमला अल-जुबाह जिले के केंद्र में किया है,यहां पर हूती विद्रोही इकट्ठा हुए थे।

एक अन्य जानकारी के मुताबिक,हूती विद्रोहियों द्वारा संचालित होने वाले अल-मसीरा टीवी ने जानकारी दिया है कि अल-जुबाह में हूती ठिकानों पर गठबंधन सेनाओं ने हवाई हमले किए हैं,लेकिन इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई। बताते चले कि पिछले हफ्ते हूती विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने दक्षिणी मारिब के अल-जुबाह जिले पर कब्जा जमा लिया है। इस कब्जे के लिए यमन की फोर्स और हूती विद्रोहियों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई थी। इस दौरान भी कई हूती विद्रोही मारे गए थे।

उल्लेखनीय है कि हूती विद्रोहियों ने फरवरी में यमन के तेल-समृद्ध प्रांत पर कब्जा करने के प्रयास में मारिब पर हवाई हमला शुरू किया था,फरवरी से ही हूती विद्रोहियों ने यमन की सेना के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई तेज की हुई है। पिछले कुछ महीनों में युद्ध के तेज होने की वजह से हूती विद्रोहियों के नेतृत्व वाले क्षेत्रों में आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध की वजह से एक बड़ा मानवीय संकट खड़ा हो गया है। कहा जा रहा है कि यमन में इस समय 1.6 करोड़ लोगों को भुखमरी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं एक अन्य रिपोर्ट में भी दावा किया गया है कि सोमवार को हूती विद्रोहियों द्वारा यमन के मारिब में किए गए हमलों में 29 नागरिकों की मौत हुई है। इन मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दावे में बताया जा रहा है कि विद्रोहियों ने दक्षिणी जुबा जिले में आवासीय क्वार्टरों पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं है और एक मस्जिद और एक धार्मिक केंद्र को भी निशाना बनाकर हमला किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *