
श्रीनगर। जम्मू/कश्मीर प्रशासन ने 26 खूंखार आतंकी कैदियों को उत्तर प्रदेश के आगरा जेल में एक विशेष अभियान के तहत शिफ्ट कर दिया है। बताया जा रहा है कि इसी तरह के 100 खूंखार आतंकी कैदियों को देशभर के अन्य जेलों में शिफ्ट किया जाएगा।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि घाटी के विभिन्न जेलों में बंद आतंकियों को आगरा जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के गृह विभाग द्वारा प्रमुख सचिव शालीन काबरा द्वारा हस्ताक्षरित एक अधिसूचना जारी किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया था।

इसी क्रम में एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को एक विशेष आईएल विमान से 26 आतंकी कैदियों को ले जाया गया। इन बंदियों को श्रीनगर और जम्मू-कोतबलवाल की केंद्रीय जेल, बारामूला, राजौरी, पुंछ और कुपवाड़ा की जिला जेलों सहित छह जिला जेलों से स्थानांतरित किया गया है।
एक विशेष सूत्र के अनुसार बताया गया कि गैर प्रांत में शिफ्ट किए गए 26 आतंकियों की यह पहली सूची है। इसी तरह के कुल 100 आतंकी कैदियों की सूची बनाई गई है,जिन्हें देश भर की विभिन्न जेलों में स्थानांतरित किया जाएगा।
कहा जा रहा है कि अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के दौरान कम से कम 5,000 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से लगभग 1,000 कैदियों को देश के विभिन्न जेलों में भेज दिया गया था।

अधिकारियों का कहना है कि इन बंदियों को कश्मीर से बाहर शिफ्ट करने का एकमात्र उद्देश्य है इन आतंकियों का नेटवर्क तोड़ना है। इसी क्रम में सरकार ने भी उन सभी सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की,जो अलगाववादी विचारधारा के समर्थन या राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए गए।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में घाटी में आतंकियों द्वारा हुए विभिन्न हमलों की वजह से केंद्रीय गृह मंत्रालय की आतंकियों के खिलाफ भौंहें तनी हुई है जिस वजह से राॅ,आईबी,एन आई ए समेत तमाम संबंधित ऐजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम घाटी में डेरा डाले हुए हैं, चूंकि केंद्रीय गृह मंत्रालय अब हर हाल में घाटी से आतंकवाद को कुचलने का मन बना चुका है इसके लिए जो कुछ भी विकल्प होगा उन सभी वैकल्पिक विकल्पों पर आधारित कार्यवाही होगी।
