
सांकेतिक तस्वीर
जयपुर। दुश्मन के एक और सीक्रेट ऐजेंट को राजस्थान पुलिस की स्पेशल यूनिट ने पकड़ा है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में सीमावर्ती इलाके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम निबाब खां बताया जा रहा है। राजस्थान पुलिस के इंटेलीजेंस विंग के एडीजी उमेश मिश्रा ने इस दौरान साफ किया कि जैसलमेर के चांदन से निबाब खां को गिरफ्तार किया गया है जो लंबे समय से दुश्मन देश की इंटेलीजेंस ऐजेंसी का यहाँ सीक्रेट एजेंट के रूप में काम कर रहा था। इसी कड़ी में यह भी बताया गया कि आरोपी जासूस को पाकिस्तान में वहां की ऐजेंसी ने बाकायदा ट्रेनिंग भी दी थी।
वहीं आरोपी निबाब खां ने पूछताछ में बताया है कि वह 2015 में पाकिस्तान यात्रा पर गया था। वहां वह आईएसआई के संपर्क में आया जहां उसे 15 दिन का प्रशिक्षण और 10 हजार रुपये भी बतौर पेशगी दिए गए। भारत लौटने पर उसने दुश्मन के लिए जासूसी शुरू कर दी,इस दौरान वह दो-तीन बार और पाकिस्तान गया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी जासूस निबाब खां की चांदन में मुख्य राजमार्ग पर मोबाइल फोन, सिमकार्ड व फोटो स्टेट करने की दुकान है। आरोप है कि इस दुकान की आड़ में स्थानीय सैन्य गतिविधियों की जानकरी प्राप्त कर दुश्मन ऐजेंसी को भेजता था।
उल्लेखनीय है कि अभी कुछ दिन पहले ही जैसलमेर से एक और जासूस पकड़ा गया था जिसे देश की केंद्रीय ऐजेंसी ने डिटेन किया था, जहां उससे कड़ी पूछताछ की गई थी फिर उसे जेल भेज दिया गया। वहीं अब राजस्थान की इंटेलीजेंस ऐजेंसी सक्रिय हुई है और इस आरोपी को धर दबोचा।
