इस्लामाबाद, (हि.स.)। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में मंगलवार रात बड़े बम धमाके में कम-से-कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है, क्योंकि बम धमाके में कई घायलों की हालत गंभीर है। यह फिदायिन धमाका बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (बीएनपी) की ओर से सरियाब क्षेत्र में शाहवानी स्टेडियम के पास योजित एक रैली खत्म होने के तुरंत बाद हुआ। किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घटना के बाद प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने हमले में मृतकों और घायल लोगों की संख्या की पुष्टि की है। हालांकि, रैली की अगुवाई कर रहे बीएनपी के नेता इस हमले में सुरक्षित रहे। रैली का नेतृत्व कर रहे बीएनपी प्रमुख अख्तर मेंगल, पख्तूनख्वा मिल्ली अवामी पार्टी के प्रमुख महमूद खान अचकजई, अवामी नेशनल पार्टी के असगर खान अचकजई भी रैली में मौजूद थे। ये सभी नेता हमले में पूरी तरह सुरक्षित हैं।
