एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

हुगली, (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा को पार कर भारतीय जलसीमा में घुसकर मछली पकड़ रहे बांग्लादेश के दो ट्रॉलरों को भारतीय तटरक्षक बल ने पकड़ लिया है। दोनों ट्रॉलरों में सवार 35 बांग्लादेशी मछुआरों को हिरासत में लिया गया है। तटरक्षक बल ने बुधवार शाम गिरफ्तार मछुआरों को फ्रेजरगंज कोस्टल थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पार कर भारतीय जलसीमा में घुसकर बांग्लादेशी दोनों ट्रॉलर मछली पकड़ रहे थे। दोनों ट्रॉलरों के नाम सबीना-1 और रूपसी सुल्ताना हैं। सबीना-1 ट्रॉलर में 11 और रूपसी सुल्ताना ट्रॉलर में 24 बांग्लादेशी मछुआरे थे। मंगलवार को बंगाल की खाड़ी में गश्त कर रहे भारतीय तटरक्षक बल की नजर संदिग्ध दोनों ट्रॉलरों पर पड़ी। तटरक्षक बल ने तुरंत बांग्लादेश के उन दोनों ट्रॉलरों को भारत में अवैध घुसपैठ के आरोप में हिरासत में ले लिया। दोनों ट्रॉलरों में सवार 35 बांग्लादेशी मछुआरों को बुधवार को तटरक्षक बल फ्रेजरगंज मत्स्य बंदरगाह ले आया। तटरक्षक बल ने गिरफ्तार मछुआरों को फ्रेजरगंज तटीय थाने की पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार मछुआरों को घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। गुरुवार को गिरफ्तारों को काकद्वीप अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर, भारतीय जलसीमा में घुसकर बांग्लादेश नौसेना के जहाज ने काकद्वीप के मछुआरों के ट्रॉलर को टक्कर मार दी थी। उस घटना में 11 मछुआरे किसी तरह जान बचाकर लौटे थे। शेष पांच लापता थे। आज सुबह डूबे हुए ट्रॉलर को काकद्वीप के मयनापाड़ा डॉक पर लाया गया था। ट्रॉलर से पानी निकालते ही इंजन रूम के अंदर से दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *