
सांकेतिक तस्वीर।
कीव/मॉस्को। यूक्रेन ने रूस पर एक बार फिर से बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया है कि रूस ने सीजफायर का खुला उल्लंघन किया है। दरअसल, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार रात को ऐलान किया था कि रूसी फौज नये साल के 6 और 7 जनवरी को यूक्रेन पर हमले नहीं करेगी। बता दे कि पुतिन ने यह फैसला रूस के 76 साल के ईसाई धर्मगुरु पेट्रिआर्क किरिल की अपील के बाद किया है।
लेकिन अब यूक्रेन दावा कर रहा है कि रूसी सैनिक रॉकेट के जरिए उनपर हमला कर रहे हैं। वहीं, रूस ने इस दावे को गलत ठहराया है। रूस का कहना है कि वह सीजफायर का सम्मान करता है। इतना ही नहीं रूस ने उल्टा इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह सिर्फ काउंटर अटैक कर रहा है। इस बीच यूक्रेन की मंत्री इरीना वीरेशचुक ने चेतावनी जारी की है कि रूस टेंपररी कब्जे वाली जगहों के चर्च पर हमले की प्लानिंग कर रहा है। मैं सभी लोगों को सुरक्षित जगह रहने की अपील करती हूं। आप सभी भीड़ में जाने से बचें और अपनों का ख्याल रखें।
गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में यूक्रेन पर हमले के बाद ऐसा पहली बार है, जब रूस ने सीजफायर का ऐलान किया है। क्योंकि, रूस और यूक्रेन दोनों ही देश ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस मनाते हैं। जो कि यह 7 जनवरी को मनाया जाता है। ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस पूर्वी यूरोप के देशों जैसे रूस, ग्रीस, इथियोपिया और इजिप्ट में भी मनाया जाता है।
