एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

घाटी पहुंचे शाह ने की हाई लेवल मीटिंग, आतंक मुक्त करने के लिए 360 डिग्री सुरक्षा चक्र पर भी हुई चर्चा – नित्यानंद दूबे (स्पेशल एडिटर)


भारतीय जवान एक ड्रिल के दौरान,फोटो साभार -(BSF के ट्वीटर से)

जम्मू/श्रीनगर। घाटी से आतंकियों को हमेशा के लिए सफाया करने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति को लेकर हाइलेवल मीटिंग की है। जहां इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि राजौरी आतंकवादी हमले की जांच NIA को सौंपी गई है। NIA और जम्मू पुलिस दोनों मिलकर इस घटना की जांच करेगी। बीते डेढ़ साल में जितनी भी घटनाएं हुईं हैं उन्हें भी सामने रखते हुए जांच की जाएगी।

इसी कड़ी में शाह ने आगे भी कहा कि जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह चौकस है। तीन महीने में राज्य की सुरक्षा को और मजबूत करेंगे। अमित शाह ने यह भी कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को भरोसा दिला सकता हूं कि आतंकवादियों की मंशा जो भी हो हमारी एजेंसियां जम्मू कश्मीर के लोगों की सुरक्षा करेंगी। सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं।

इस बीच शाह ने राजौरी हमले के पीड़ितों से भी फोन पर बातचीत की। शाह ने कहा कि मैं उनसे मुलाकात के लिए वहां खुद जाने वाला था लेकिन आज मौसम के कारण हम वहां पहुंच नहीं पाए। उनकी बातों को सुना है और मैंने उपराज्यपाल मनोज जी से भी बात की है। जान गंवाने वालों का हौसला देश के लिए उदाहरण है। जम्मू में आतंकवादी हमलों के पीड़ितों से भी उन्होंने मुलाकात की। शाह ने बताया कि आतंकवादी ग्रुपों के सपोर्ट सिस्टम से लेकर सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। 360 डिग्री सुरक्षा चक्र बनाने पर चर्चा की गई। हमारी जितनी भी सूचना की एजेंसी हैं उनसे भी बात की गई है। बता दे कि इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला और सभी खुफिया एजेंसियों के प्रमुख शामिल रहे।

गौरतलब है कि इस साल 1 और 2 जनवरी को राजौरी के डांगरी गांव में दो आतंकी हमलों में दो बच्चों सहित सात हिंदू नागरिक मारे गए थे और कई लोग घायल हो गए थे। इन हमलों के बाद 2,000 से ज्यादा अर्धसैनिक बलों को राजौरी भेजा गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) डांगरी आतंकी हमलों की जांच कर रही है। सरकार ने राजौरी में विलेज डिफेंस कमेटी को पुनर्जीवित किया है और संभावित आतंकी हमलों से बचाव के लिए बड़ी संख्या में लोगों को नई राइफल दी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *