एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

पहलगाम आतंकी हमले के मामले में एनआईए ने आरोपपत्र किया दाखिल

श्रीनगर (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जिसमें इस साल 22 अप्रैल को 26 नागरिक जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे, मारे गए थे। इस मामले में तीन मृत आतंकवादियों सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

आतंकवाद विरोधी एजेंसी ने जम्मू स्थित विशेष एनआईए अदालत में साढ़े सात महीने बाद आतंकी हमले के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया।

जानकारी के अनुसार एनआईए ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) को आरोपपत्र में नामजद किया है। आरोपपत्र में हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को भी शामिल किया गया है जो बाद में श्रीनगर में ऑपरेशन महादेव में मारे गए थे। इन आतंकवादियों में सुलेमान शाह, हमजा और जिब्रान शामिल हैं।

हमले से एक दिन पहले आतंकवादियों को रसद सहायता, आश्रय और भोजन मुहैया कराने वाले दो ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) का नाम भी आरोपपत्र में शामिल है। इनमें बशीर अहमद जोथर और परवेज़ अहमद शामिल हैं। एनआईए ने आरोपपत्र दाखिल करते समय विशेष अदालत में मृतकों के रक्त के नमूने और बालों के रेशे भी सबूत के तौर पर पेश किए।

इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों के एक समूह पर किए गए हमले में कम से कम 26 नागरिक मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। यह हाल के इतिहास में देश में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था। इस हमले के जवाब में भारत ने 7 और 8 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के भीतर स्थित आतंकी शिविरों को नष्ट किया गया और दर्जनों आतंकवादी मारे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *