देशभर में हमले की साजिश रचने में गिरफ्तार पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) के दो कमांडर अंसद बदरुद्दीन और फिरोज खान से यूपी एसटीएफ की पूछताछ में मिली जानकारी के बाद आतंकी हमलों का दंश झेल चुके वाराणसी में भी हाई अलर्ट घोषित है
काशी विश्वनाथ मंदिर, संकटमोचन मंदिर, कैंट रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख गंगा घाटों सहित भीड़भाड़ वाले सभी सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए औचक तलाशी अभियान चलाते रहने को कहा गया है। निगरानी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
उधर, एलआईयू को कहा गया है कि अभिसूचना संकलन के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शहर के होटलों, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और लॉज में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। इन जगहों पर कोई भी बगैर आईडी प्रूफ के न ठहरने पाए। इसके अलावा शहर के अन्य सार्वजनिक जगहों पर चौकन्ना रहने के निर्देश हैं।
गौरतलब है कि एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार कमांडरों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आतंक फैलाने की साजिश सालभर पहले रची गई थी। इसमें भीड़ पर बड़े पैमाने पर हमले की योजना थी। इसे सीएए और एनआरसी के हिंसक आंदोलन को असफल होने के बाद अंजाम देना था। हालांकि पीएफआई के कई नेताओं की गिरफ्तारी और कोविड-19 के कारण लॉकडाउन के चलते साजिश को इस साल फरवरी के अंत में अंजाम देना था।
