ब्रेकिंग न्यूज़

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों की धरपकड़ के लिए चलाया गया तलाशी अभियान

जम्मू, (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के जंगली इलाके में छिपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए गुरुवार को तलाशी अभियान चलाया गया है। आज सुबह से जारी मुठभेड़ में एक आतंकवादी के घायल होने की आशंका है। अभियान में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की घेराबंदी को और मजबूत किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना और सीआरपीएफ की मदद से पुलिस ने बुधवार रात करीब 7ः45 बजे चटरू के कुचल इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। आज सुबह मुठभेड़ तब शुरू हुई जब तलाशी दलों को देखते ही आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जो अंतिम रिपोर्ट आने तक जारी थी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े आतंकवादियों को मार गिराने और कड़ी घेराबंदी करने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया है।

रिपोर्टों के अनुसार शीर्ष आतंकवादी सैफुल्लाह और आदिल जिले की पहाड़ियों में सक्रिय हैं। पिछले एक सप्ताह में जम्मू क्षेत्र में यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले 26 जून को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकवादी मारा गया था और उसके तीन साथी उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र के जंगली इलाके में भाग गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *