
सांकेतिक तस्वीर।
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले दिल्ली पुलिस सहित देश के कई राज्यों की ऐजेंसियों ने एक स्पेशल ऑपरेशन के तहत तमाम आतंकियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। चूंकि हाल ही में देश की केंद्रीय खुफिया ऐजेंसी ने आतंकी हमलें का अलर्ट जारी की थी। जिस वजह से देश के कई राज्यों की ऐजेंसियां सतर्क हो गई और इसी कड़ी में अभी हाल ही में तमाम आतंकियों की गिरफ्तारी की गई। वहीं,एक इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने रविवार को दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। जहां तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से कई पासपोर्ट और बांग्लादेश के मंत्रालयों के 10 नकली स्टाम्प बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया गया है कि पालम इलाके से रविवार को पकड़े गए इन बांग्लादेशी लोगों के नाम मोहम्मद मुस्तफा और मोहम्मद हुसैन हैं। जहां इन दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
दरअसल,स्वतंत्रता दिवस से पहले देश की राजधानी समेत देश के कई राज्यों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जहां इसी बीच दिल्ली पुलिस ने एक गोपनीय सूचना मिलने पर पालम स्थित बांग्लादेशी नागरिकों के घर पहुंची थी। तलाशी में उनके पास से एक दर्जन पासपोर्ट और बांग्लादेश के मंत्रालयों के 10 नकली स्टाम्प भी मिले। पूछताछ में वे इस बारे में कोई जवाब नहीं दे सके। इसके बाद में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
वहीं,UP ATS ने भी शनिवार रात एक और आतंकी को गिरफ्तार कर लिया। फतेहपुर से गिरफ्तार आतंकी हबीबुल (19) सहारनपुर से पकड़े गए आतंकी नदीम का साथी है। 19 साल का हबीबुल जैश-ए-मोहम्मद और अन्य आतंकवादी संगठनों से जुड़ा था। हबीबुल वर्चुअल ID बनाने में एक्सपर्ट है।
इसी कड़ी में पंजाब पुलिस ने भी दिल्ली पुलिस की मदद से रविवार को पाकिस्तानी खुफिया ऐजेंसी द्वारा समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। कनाडा स्थित अर्श डल्ला और ऑस्ट्रेलिया स्थित गुरजंत सिंह से जुड़े 4 मॉड्यूल सदस्य गिरफ्तार हुए हैं। पंजाब के DGP के मुताबिक इनके पास से 3 ग्रेनेड, एक IED, दो 9MM पिस्तौल और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
उधर,असम में भी चराइदेव जिले के सोनारी से एक उल्फा (I) कैडर को गिरफ्तार किये जाने की रिपोर्ट सामने आई है। उसके पास से एक पिस्तौल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से पिस्तौल, ग्रेनेड सहित अन्य हथियार बरामद हुए हैं।
गौरतलब है कि इंटेलिजेंस ब्यूरो ने इस साल के स्वतंत्रता दिवस पर देश में आतंकी हमले का एक अलर्ट जारी किया है। जिसमें केंद्रीय ऐजेंसी की ओर से दिल्ली पुलिस को 10 पन्ने की रिपोर्ट सौंपी गई है,जिसमें स्वतंत्रता दिवस के दिन आतंकी हमला होने की आशंका जताई गई है। IB ने अपनी रिपोर्ट में यह भी खुलासा किया है कि आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठन किसी हमले को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ने इन दोनों आतंकी संगठनों के नेताओं को हमला करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल,अतिरिक्त सतर्कता के चलते रविवार को देश के कई हिस्सों से तमाम आतंकियों की गिरफ्तारी से साफ हो गया है कि अब भारत हर मोर्चे पर पूरी तरह से सतर्क एवं मुस्तैद है।
