
आतंकियों के खिलाफ हमले के लिए तैयार होते हुए रात में तुर्की के F-16 फाइटेर जेट,फोटो साभार -(तुर्की के डिफेंस मिनिस्ट्री के ट्वीटर से)
अंकारा। तुर्की के इस्तांबुल में हाल ही में हुए आत्मघाती हमले का बदला लेने का तुर्की रक्षा मंत्रालय ने बड़ा दावा किया है, मंत्रालय ने कहा कि उसके सैन्य विमानों ने उत्तरी सीरिया और इराक में टार्गेट को निशाना बनाया है। बता दे कि तुर्की के रक्षामंत्रालय ने रविवार की सुबह-सुबह ट्वीट किया, ‘गिनती का समय आ गया है। हमलों को अंजाम देने वालों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।’ इसके साथ ही एक तस्वीर भी ट्वीट पर पोस्ट की गई।

बता दे कि इसी बीते 13 नवंबर को इस्तांबुल के एक व्यस्त बाजार में आतंकी हमला हुआ था। जहां तुर्की ने इस धमाके के लिए कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (PKK) को जिम्मेदार ठहराया था। वहीं कुर्दिश लड़ाकों ने अपनी संलिप्तता से इनकार किया था। इसके बाद रक्षा मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में बम गिराने का वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘आतंक के घोसले पर सटीक प्रहार।’ सेना ने भी एक बयान में कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत हमें आत्मरक्षा का अधिकार है। इसी के जरिए हमने इराक और सीरिया के उत्तर में क्षेत्रों में आतंक के अड्डों पर हवाई अभियान चलाया।’
दरअसल,तुर्की और अमेरिका दोनों ही PKK को एक आतंकी समूह मानते हैं। लेकिन सीरिया में ISIS समूह के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका के साथ खड़े सीरियाई कुर्दिश फोर्स को लेकर असहमत हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार तुर्की के संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका जताई थी। इसी के साथ उसने अमेरिकी नागरिकों को उत्तरी सीरिया और इराक की यात्रा न करने की सलाह दी थी।
F16 विमानों से बरसाए बम
दावा किया गया है कि इस आॅपरेशन को अंजाम देने के लिए तुर्की ने F-16 फाइटर जेट का इस्तेमाल किया है। इस बीच तुर्की के रक्षा मंत्री हुलुसी अकार ने इस पूरे एयर स्ट्राइक का निरीक्षण एक ऑपरेशन सेंटर से किया। उन्होंने इस हमले के बाद पायलटों और ग्राउंड स्टाफ को बधाई दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘हमारा उद्देश्य 8.5 करोड़ नागरिकों और हमारी सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हम किसी भी हमले का जवाब देने में सक्षम हैं। बता दे कि तुर्की का आतंकियों के खिलाफ यह कोई पहला आॅपरेशन नहीं है, इससे पहले भी तुर्की इन आतंकियों के खिलाफ कई तरह के सैन्य कार्यवाही कर चुका है।
