एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

श्रीलंकाई नौसेना ने 47 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया, तमिलनाडु के मछुआरा समुदाय में दहशत

कोलंबो,  (हि.स.)। श्रीलंका की नौसेना ने रातोंरात 47 भारतीय मछूआरों को गिरफ्तार कर उनकी नौकाओं को जब्त कर लिया। इससे तमिलनाडु के मछुआरा समुदाय में हड़कंप है। आरोप लगाया गया है कि सभी भारतीय मछुआरे श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से शिकार कर रहे थे।

ऑनलाइन पोर्टल न्यूज फर्स्ट श्रीलंका की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंकाई नौसेना ने अपने देश के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में 47 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मन्नार और डेल्फ़्ट समुद्री क्षेत्रों में समन्वित गश्त के दौरान हिरासत में लिया गया। इस अभियान के दौरान पांच भारतीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं को जब्त कर लिया गया।

भारत के रामेश्वरम से एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रामेश्वरम के मछली पकड़ने वाले बंदरगाह से 300 से अधिक नावों में सवार मछुआरे कल शाम मछली पकड़ने समुद्र में गए। जब वे धनुषकोडी और थलाईमन्नार के बीच मछली पकड़ रहे थे, तभी उस इलाके में गश्त कर रही श्रीलंकाई नौसेना ने बंदूक के जोर पर रामेश्वरम के 30 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी चार मोटरबोट भी जब्त कर ली। इन मछुआरों को मन्नार नौसैनिक शिविर ले जाया गया। श्रीलंकाई नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन मछुआरों को उनकी नावों के साथ मन्नार मत्स्य विभाग के अधिकारी को सौंप दिया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंकाई नौसेना ने कल रात श्रीलंका के नेदुनथीवु के पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ रहे 17 मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी एक नाव जब्त कर ली। सीमा पार से मछली पकड़ने के सामान्य आरोप में गिरफ्तार किए गए 17 मछुआरों को कांकेसंथुराई नौसैनिक शिविर ले जाया गया। अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि ये मछुआरे किस क्षेत्र के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *