ब्रेकिंग न्यूज़ हेड लाइन्स

सीरिया में आतंकवादियों ने बसों पर किया हमला, 9 की मौत

दमिश्क। मध्य सीरिया में रविवार देर रात को आतंकवादियों ने राजमार्ग से गुजर रही बसों पर धावा बोलकर नौ लोगों की हत्या कर दी। मरने वालों में 13 साल की एक लड़की भी है। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। मध्य हमा प्रांत के गवर्नर मोहम्मद तारेक क्रिशानी के अनुसार आतंकवादियों ने मध्य सीरिया में राजमार्ग से गुजर रही तीन बसों को निशाना बनाया और नौ लोगों की हत्या कर दी। हमले में चार लोग घायल हुए। क्रिशानी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि तीन बसों में सवार यात्रियों का यह काफिला देश के पश्चिम से सलामिया शहर जा रहा था। काफिले में तेल का टैंकर भी शामिल था।
गवर्नर ने कहा कि घटनास्थल पर एम्बुलेंस की सात गाड़ियां भेजी गईं। उन्होंने बताया कि बाकी यात्री सुरक्षित हैं। सीरिया के सरकारी चैनल ने स्थानीय अस्पताल के प्रमुख के हवाले से बताया कि मरने वालों 13 साल की एक लड़की भी शामिल है। ब्रिटेन में सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि हमलावर संभवत: आईएस के आतंकवादी थे। उन्होंने बसों को निशाना बनाकर दो आम नागरिकों और सात सैनिकों की हत्या कर दी। हमले में 16 लोग घायल हो गए। सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में इस सप्ताह बसों को निशाना बनाने की यह दूसरी घटना है। घटना के लिए इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों को जिम्मेदार बताया जा रहा है। अन्य हमला बुधवार को हुआ था जिसमें 30 लोग मारे गये थे। इनमें अधिकतर सैनिक थे जो छुट्टियों में अपने-अपने घर लौट रहे थे।
इस हमले के पीछे भी इस्लामिक स्टेट का हाथ बताया जा रहा है। इस्लामिक स्टेट के आतंकवादी दक्षिणी मरुभूमि और मध्य सीरिया में काफी सक्रिय हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रविवार के हमले के पीछे आईएस के आतंकवादियों का हाथ माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *