
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंसकी (फाईल फोटो)
कीव। लगभग एक महिनें से रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण लड़ाई की कड़ी में गुरूवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक बड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि रूस के पड़ोसी देश अब खतरे में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रूस यूरोप में “आजादी को तबाह” कर देगा और अब अपने पड़ोसियों का पीछा करेगा।
बता दें कि जेलेंस्की ने गुरुवार को एक संबोधन में स्वीडिश सांसदों को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि “अगर यूक्रेन इस हमले के खिलाफ खड़ा नहीं रह पाता है और अपनी रक्षा नहीं कर पाता है,तो इसका सीधा मतलब होगा कि रूस के सभी पड़ोसी अब से खतरे में हैं।” इस दौरान उन्होंने स्वीडन की संसद को वर्चुअली संबोधित किया था जिसे स्टैंडिंग ओवेशन मिला।
जेलेंसकी ने इसी कड़ी में आगे भी कहा, “रूस ने यूक्रेन के खिलाफ इसलिए युद्ध छेड़ा क्योंकि वे यूरोप में आगे बढ़ना चाहते हैं,वे यूरोप में स्वतंत्रता को नष्ट करना चाहते हैं।” “यह यूरोपीय सुरक्षा और रक्षा प्रणाली के लिए एक मौलिक चुनौती है।” इस दौरान उन्होंने यूरोप से रूस के खिलाफ और कठोर साप्ताहिक प्रतिबंध पैकेज जारी करने का आह्वान किया। आगे भी उन्होंने कहा कि अब रूस की निगाहें बाल्टिक सागर में मौजूद स्वीडन के गोटलैंड द्वीप पर हैं।
गौरतलब है कि स्वीडन ने इस द्वीप को 2004 में बंद कर दिया था। लेकिन 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जा करने के बाद,स्वीडन ने 2018 में अपने इस सैन्य ठिकाने को फिर से खोल दिया।
उधर,वर्ष 1939 के बाद पहली बार युद्ध में किसी देश को हथियार भेजने के लिए सहमत होने के बाद जेलेंस्की ने स्वीडन को उसके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया,जबकि यूक्रेन नाटों का सदस्य नहीं है और आधिकारिक तौर पर सैन्य रूप से गुटनिरपेक्ष,स्वीडन ने गुरुवार को 5,000 एंटी-टैंक लांचर की दूसरी डिलीवरी की घोषणा की है।
