
चीनी सैनिक (फाईल फोटो)
नई दिल्ली। आये दिन भारत के खिलाफ चीनी साजिशों की रिपोर्ट आती ही रहती है इसी क्रम में एक और खतरनाक रिपोर्ट सामने आई है जिसमें बताया जा रहा है कि सैटेलाइट इमेज से पता चला है कि अरुणाचल प्रदेश में चीन के एक और एन्क्लेव बनाने का खुलासा हुआ है। इसमें करीब 60 इमारतें होने का अनुमान है।
रिपोर्ट में अमेरिकी कंपनी मैक्सर टेकनोलॉजी के हवाले से जारी की गई सैटलाइट इमेज के अनुसार दावा है कि 2019 तक इस इलाके में एक भी चीन का एन्क्लेव नहीं था, लेकिन वर्ष 2021 में चीन ने इस इलाके में कब्जा कर निर्माण कर लिया है।
बताते चले कि कुछ दिन पहले भी अरुणाचल के एक हिस्से में चीन के कब्जे की रिपोर्ट सामने आई थी।
चीन का यह एन्क्लेव भारतीय सीमा के 6 किलोमीटर अंदर है। यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा और LAC के बीच है। हालांकि भारत हमेशा इस इलाके के भारतीय सीमा में होने का दावा करता आया है। रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि चीन के नए एन्क्लेव की लोकेशन भारत सरकार की ऑनलाइन मैप सर्विस Bharatmaps पर भी देखी जा सकती है। इसे सर्वेयर जनरल ऑफ इंडिया की निगरानी में तैयार किया जाता है।
इसी कड़ी में एक और जानकारी सामने आई है जिसमें कहा जा रहा है कि भूटान की सीमा में भी चीनी सेना घुसपैठ कर चुकी है। बताया जा रहा है कि भूटान में करीब 25 हजार एकड़ क्षेत्र पर चीन ने अवैध कब्जा किया है। और इस इलाके में भी चीन ने 4 गांव भी बसा रखा हैं।
गौरतलब है कि भूटान और चीन के बीच इस जमीन को लेकर पुराना विवाद है। दोनों देशों का दावा है कि ये जमीन उनकी है।
