एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों पर हुए हमलों का भारत सरकार ने लिया संज्ञान, जारी किया बयान, बांग्लादेश सरकार कर रही हैं बड़ी कार्यवाही, 43 लोग लिये गए हिरासत में – सतीश उपाध्याय (सीनियर एडिटर)

ढाका/नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों पर हमला होने की घटना को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय संज्ञान लेते हुए बयान जारी किया है कि पड़ोसी मुल्क इस घटना के बाद बहुत गंभीरता से कार्यवाही कर रही है और हालात को नियंत्रण में कर लिया गया है। भारतीय डिप्लोमैट इस घटना के संदर्भ में बांग्लादेश के साथ लगातार संपर्क में है।

एक सवाल के जवाब में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा ‘हमने कुछ परेशान करने वाली खबरें देखी हैं। जिसमें बांग्लादेश में कुछ धार्मिक स्थलों पर हमला करने की घटनाएं हुई हैं। हमने इस बात का नोटिस किया कि बांग्लदेशी सरकार ने हालात को काबू करने के लिए तुरंत जरुरी कार्रवाई की है।

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में दुर्गा पूजा समारोहों के दौरान कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने हिंदुओं के कुछ मंदिरों को क्षतिग्रस्त कर दिया,जिसके चलते सरकार को 22 जिलों में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती करनी पड़ी। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान कुछ झड़पें भी हुई जिस वजह से इस संघर्ष में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश के गृह मंत्रालय के अनुसार बताया जा रहा है कि बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (BGB) के सैनिकों को देश के 22 जिलों में हिंसा को रोकने के लिए तत्काल तैनात किया गया है। इसी कड़ी में आगे यह भी कहा गया कि देश के 64 जिलों में से 22 में तथा अन्य कहीं भी हिंसा की रोकथाम के लिए BGB के साथ RAB फोर्स और अन्य सशस्त्र पुलिस फोर्स को भी तैनात करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को कमीला की सीमा से लगे चांदपुर के हाजीगंज उपजिले में पुलिस और मुस्लिम उपद्रवियों के बीच संघर्ष के दौरान तीन लोग मारे गये,वहीं एक अन्य शख्स की बाद में मृत्यु हो गयी। अधिकारियों ने हाजीगंज में रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया है जहां अधिकारियों ने गोली लगने से चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संघर्ष में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल है।

स्थानिय पुलिस के अनुसार उनके कुछ अधिकारी भी जख्मी हुए हैं,क्योंकि भीड़ ने पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों पर भी हमला कर दी थी और उनके वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई थी। हालांकि उन्होंने यह नहीं स्पष्ट किया कि लोग पुलिस कार्रवाई में मारे गये हैं या नहीं,लेकिन मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि पुलिस ने 500 से अधिक लोगों की भीड़ पर फायरिंग की थी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यहां से करीब 100 किलोमीटर दूर कमीला में दुर्गा पूजा पंडाल में कथित ईशनिंदा की घटना के बाद पुलिस को सूचित किया गया,जिसके बाद जांच शुरू की गयी। कमीला, पड़ोस के हाजीगंज, हतिया और बांसखाली तटीय उप जिलों के कुछ हिस्सों में भी उपद्रवियों के मंदिरों पर हमले के बाद हिंसा भड़क गयी। एक और भी जानकारी सामने आई है जिसमें यह बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए बड़े स्तर पर किया गया था।

इधर बांग्लादेश के हिंदू धार्मिक नेताओं ने हिंसा को दुर्गा पूजा समारोहों को बाधित करने की साजिश का हिस्सा बताया और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ हिंदू मंदिरों की सुरक्षा की मांग की है। कमीला जिला पूजा समारोह समिति के सचिव निर्मल पाल ने कहा कि एक समूह विशेष ने दुर्गा पूजा रोकने के लिए पंडाल में ईशनिंदा की गतिविधियां कीं।

फिलहाल पुलिस ने अब तक इस हिंसा के सिलसिले में 43 लोगों को हिरासत में लिया है। कमीला पूजा स्थल का पहला वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले लोगों को भी हिरासत में रखा गया है।

पुलिस उप महानिरीक्षक अनवर हुसैन ने कमीला में मीडिया से कहा कि जांच चल रही है और हम CCTV के विडियो फुटेज को देखकर भी उपद्रवियों की पहचान कर रहे हैं। सत्तारूढ़ अवामी लीग के महासचिव और देश के सड़क परिवहन मंत्री ओबैदुल कादिर ने कहा कि कट्टरपंथी तत्वों ने राजनीतिक मकसद से 10-12 जगहों पर हिंदू मंदिरों पर हमले किये।
उन्होंने यहां रामकृष्ण मिशन में एक पूजा पंडाल में संवाददाताओं से कहा, ”लेकिन प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में हमारी सरकार उनकी कुत्सित सोच को साकार नहीं होने देगी।” उन्होंने अफवाह फैलाने वाले लोगों को देश में धार्मिक सौहार्द नहीं बिगाड़ने की चेतावनी दी और बताया कि प्रधानमंत्री हसीना ने सांप्रदायिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश दिये हैं। मंत्री ने कहा, ”हम चौकस रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *