
पाक फौज का चीफ,जनरल असिम मुनीर,साभार -(विकिपीडिया से)
इस्लामाबाद/काबुल। पिछले दिसंबर से आये दिन आत्मघाती हमलों को झेल रहे पाकिस्तान अब एक्सन मोड में आ हीं गया,खबर है कि पाकिस्तानी एअरफोर्स फाइटेर एअरक्राफ्ट ने गुरुवार को अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में जबरदस्त एयरस्ट्राइक किया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी एअरफोर्स ने अफगानिस्तान में मौजूद तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को इस हमले में निशाना बनाया है। फिलहाल, इस हमले में टीटीपी का कितना नुकसान हुआ है ? यह अभी साफ नहीं हुआ है।
रिपोर्ट है कि पाकिस्तानी एअरफोर्स ने यह हमला अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत के गुश्ता जिले के सलाला के पास किया गया। हालांकि,बता दे कि पाकिस्तान ने पहले भी कई बार अफगानिस्तान के अंदर घुसकर हमला करने की बात कही थी। हालांकि, तब तालिबान ने पाकिस्तान को ऐसा करने पर अंजाम भुगतने तक की धमकी दी थी। इस बीच काबुल से भी जानकारी मिली है कि अफ़गान तालिबान और टीटीपी अब पाकिस्तान को बेहद खतरनाक काउंटर अटैक करने की तैयारी में जुट गए हैं, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि अफ़गान तालिबान और टीटीपी संयुक्त रूप से पाकिस्तान पर कब और कैसे हमला करेंगे ? लेकिन इतना जरूर है कि पलटवार जबरदस्त होगा।
गौरतलब है कि टीटीपी ने बीते नवंबर में पाकिस्तान के साथ सीजफायर तोड़ने के बाद हमलों को बढ़ा दिया था। पिछले एक महीने में ही टीटीपी के आतंकियों ने पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में 10 से ज्यादा बड़े आतंकी हमले किए हैं। इनमें बन्नू कैंटोनमेंट, क्वेटा पुलिस चेकप्वाइंट और इस्लामाबाद में हुआ आत्मघाती हमला भी शामिल है। इसके जवाब में पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा था कि पाकिस्तानी सेना के पास सीमा पार कर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित है। वहीं, आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय कानून पाकिस्तान को सीमा पार आतंकियों के खात्मे के लिए सैन्य कार्रवाई की इजाजत देते हैं।
हालांकि,अफगान तालिबान ने पहले ही साफ कर दिया है कि अगर पाकिस्तानी सेना ने हमला किया तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। तालिबान सरकार के रक्षा मंत्री मुल्ला मोहम्मद याकूब ने अपने लड़ाकों को साफ निर्देश दिए हैं कि अगर कोई पाकिस्तानी सैनिक सीमा पार करे तो उसे जिंदा वापस न जाने दिया जाए। फिलहाल, इस ताजे हमलें को लेकर अभी तक काबुल या टीटीपी की तरफ से कोई दावा सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी मे यह दावा जरूर है कि पाकिस्तान के खिलाफ पलटवार के साथ और उस पर और भी खतरनाक हमलों को अंजाम दिया जा सकता है।
